सरकार में आने पर आउटसोर्सिंग प्रथा को करेंगे बंद: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने समाजवादी मजदूर सभा के पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि भाजपा सरकार मजदूरों को शोषण कर रही है। रोटी-रोजगार के लिए उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता है। भाजपा पूंजीपतियों की सरकार है। हम चाहते हैं कि श्रमिकों का शोषण बंद हो। उद्योग भी बंद न हो और श्रमिकों के साथ अन्याय भी न हो। उनकी सरकार के आने पर न सिर्फ श्रमिकों के लिये कल्याणकारी योजनाओं को फिर से शुरु किया जायेगा बल्कि आउटसोर्सिंग प्रथा को भी बंद किया जायेगा।
उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी श्रमिकों के साथ है। कोविड काल में समाजवादी पार्टी ही श्रमिकों की मदद करने आगे आई थी। सन् 2014 में समाजवादी सरकार में न्यूनतम श्रम बोर्ड का गठन किया गया था। श्रमिकों को सरकार की तरफ से साइकिलें दी गई थी। समाजवादी सरकार में मानदेय की भी व्यवस्था की गयी थी। भाजपा ने समाजवादी सरकार की सभी श्रमिक कल्याण सम्बंधी योजनाएं बंद कर दी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी 2027 की लड़ाई सबसे बड़ी है। भाजपा के झूठ का पर्दाफाश होगा। सामाजिक न्याय का राज समाजवादी सरकार के बनने पर ही स्थापित होगा। श्रमिकों को सम्मान पूर्वक जीवन जीने का अवसर मिलेगा। समाजवादी सरकार बनने पर ही लोगों की जिंदगी में खुशहाली आएगी। किसान, नौजवान, महिलाओं, व्यापारियों तथा शिक्षकों को तमाम परेशानियों से मुक्ति मिलेगी।