Breaking News

अखिलेश यादव ने ओबीसी आरक्षण पर भाजपा को घेरा

उरई, उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को घेरते हुए कहा कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि हमारे अन्य पिछडों वर्ग का हक छीना जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि न केवल पिछड़ों का हक छीना जा रहा बल्कि भाजपा सत्ता में रही तो बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने जो अधिकार दिए हैं। उन अधिकारों को भी धीरे-धीरे छीन लिया जाएगा। अभी कुछ चीजें दिखाई दे रही है और कुछ नहीं दिखाई दे रही है। उन्हाेंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हमेशा आरक्षण विरोधी काम किया है।

अखिलेश यादव आज जालौन के उरई में सपा कार्यकर्ता मृतक सुरेंद्र मौखरी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। सुरेंद्र की बीते हफ्ते हृदय गति रुक जाने से मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा आरक्षण विरोधी, पिछड़ा विरोधी, दलित विरोधी है। इस पार्टी को संविधान की किसी भी व्यवस्था से कोई मतलब नहीं है। जो बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने दिए थे। उन अधिकारों को धीरे-धीरे भाजपा खत्म कर देगी। सत्ता में बैठे भाजपा पिछड़े वर्ग के नेता अपना मुंह बंद करके बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण खत्म हो रहा है।

सपा अध्यक्ष से एक सवाल में पूछा गया कि क्या उन्हें भारत जोड़ो यात्रा का निमंत्रण दिया गया है? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा इतना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे किसी प्रकार का आमंत्रण नहीं मिला है। जब उनसे पूछा कि भारत जोड़ो यात्रा में जायेंगे, तो इस सवाल का उत्तर देने से बचते हुए उन्होंने आरक्षण को लेकर अपनी राय लगातार दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भावात्मक आह्वान से उनका जुड़ाव है, लेकिन उन्हें किसी प्रकार का आमंत्रण नहीं मिला है।

उन्होंने कहा सबसे महत्वपूर्ण मामला आरक्षण को लेकर है। सरकार जानबूझकर आरक्षण नहीं देना चाहती हैं। आज यह सामने आ गया है। अभी तक लोग नौकरी के लिए चिल्ला रहे थे। नौकरी में आरक्षण खत्म हो रहा है। सबकुछ प्राइवेट कर दिया है। केन्द्र सरकार सरकारी उपक्रम बेच रहे हैं। सरकारी कंपनियां बेच दी जायेगी, तो अंततः आरक्षण खत्म हो जाएगा।