अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है

अखिलेश यादव ने कहा कि धान खरीद के साथ बुन्देलखंड में मूंगफली खरीद में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। किसानों को मूंगफली की कीमत नहीं मिली। भाजपा के कार्यकर्ताओं और बिचौलियों ने मुनाफा कमाया। धान, मूंगफली के बाद अब गेंहू खरीद में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही हैं, गेहूं खरीद में भाजपा सरकार और उद्योगपतियों की मिली भगत है। गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। किसानों का गेहूं उद्योगपतियों के लिए आढ़तियों के माध्यम से खरीदा जा रहा है। सरकार ने पाबंदी लगा दी है। आढ़तियां किसानों का गेहूं ज्यादा कीमत पर न खरीदे। अगर सरकार ही इस मिलीभगत में शामिल है तो किसानों को गेहूं की कीमत कैसे मिलेगी? सरकार किसानों को गेहूं की सही कीमत नहीं देना चाहती है।
उन्होंने कहा कि इस सरकार ने खाद, बीज, कीटनाशक, बिजली, डीजल, सब चीजों के दाम बढ़ाकर किसानों के सामने संकट पैदा किया है। भाजपा सरकार किसानों को अपमानित कर रही है। सवाल पूछने पर एफआईआर करा दिया जाता है। आंदोलन करने पर पगड़ी उछाली जाती है। गाजीपुर से गाजियाबाद तक कोई एक बार नहीं कई मौकों पर भाजपा ने किसानों को अपमानित करने का काम किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में हरस्तर पर हर विभाग में भ्रष्टाचार हो रहा है। भ्रष्टाचारियों ने लूट के लिए महीना बांध रखा है। लखनऊ में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गयी। उद्योगों को फायर की एनओसी देने में भ्रष्टाचार है। इन्वेस्टमेंट के नाम भ्रष्टाचार है। उत्तर प्रदेश के अधिकारी भ्रष्टाचार और लूट का पैसा बाहर के राज्यों में निवेश कर रहे है। प्रदेश में विभिन्न मलाईदार पदों पर बैठे दूसरे राज्यों के अधिकारी भी अन्य राज्यों में निवेश कर रहे है। प्रदेश में कमीशन और बंटवारे के झगड़े में एक आईएएस फरार है।
अखिलेश यादव ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से दूर-दूर से आये चौहान समाज के लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हम चौहान समाज की भावना के लिए आभार प्रकट करते हैं। प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर चौहान समाज का पूरा सम्मान किया जायेगा। चौहान समाज पीडीए के सदस्य हैं। हमारी और इनकी पीड़ा एक है। यह पीड़ा और दुःख का रिश्ता है। भाजपा सरकार में चौहान समाज के लोगों को अपमानित होना पड़ रहा है। भाजपा सरकार में तानाशाही है। इस सरकार में सवाल पूछने वालों को अपमान सहना पड़ रहा है।
सपा नेता ने कहा कि चौहान समाज के लोगों ने जातीय जनगणना का समर्थन किया है। जातीय जनगणना 90 फीसदी पीडीए की सौ फीसदी जीत है। पीडीए समाज को भाजपा की धांधली पर नज़र रखनी है, जिससे जातीय जनगणना ईमानदारी से हो और सच्चे आंकड़े आये।
इस अवसर पर नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार में धान खरीद में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। सिद्धार्थनगर जिले में बिना धान, गेंहू खरीदे 64 करोड़ रूपये खातों में भेज दिया गया। इसमें सबसे ज्यादा पैसा पाने वाले भाजपा के लोग है। इस भ्रष्टाचार की मुख्यमंत्री जी समेत अन्य जगहों पर शिकायत की गयी लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस भ्रष्टाचार के खिलाफ वहां के अधिकारियों ने लिखा, पीसीएफ के अधिकारी ने भी लिखा लेकिन अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
श्री पाण्डेय ने धान खरीद का पैसा लेने वालों के नाम की जानकारी भी दी। पैसा सिलीगुड़ी और बिहार तक के लोगों के खातों में गया। भारी भ्रष्टाचार हुआ है।
इस अवसर पर सर्वश्री बलराम यादव एलएलसी, राजेन्द्र चौधरी एमएलसी, श्याम लाल पाल प्रदेश अध्यक्ष, चंद्रदेव राम यादव पूर्व मंत्री आदि प्रमुख नेता मौजूद रहे।