Breaking News

अखिलेश यादव ने चरण सिंह और यशपाल सिंह के संघर्ष को किया नमन

सहारनपुर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की गन्ना पट्टी और दिग्गज किसान नेता चौधरी यशपाल सिंह की कर्मभूमि सहारनपुर के तीतरो में रविवार दोपहर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे किसान पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, महेन्द्र सिंह टिकैत और यशपाल सिंह के दिखाए मार्ग का अनुसरण कर रहे है जिससे उनकी अवश्य ही जीत होगी।

चौधरी यशपाल सिंह की 100वीं जयंती पर आयोजित विशाल सभा में श्री यादव ने भाकियू के पूर्व अध्यक्ष चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत और पूर्व प्रधानमंत्री चैधरी चरण सिंह के संघर्षों को नमन करते हुए कहा कि अपने अधिकारों की लडाई आज हमारे प्रदेश के किसान अपने इन दिग्गज नेताओं के दिखाए मार्ग का अनुसरण कर लडने का काम कर रहे है। उनकी अवश्य ही जीत होगी।

उन्होने कहा कि तीन केंद्रीय काले कृषि कानूनों की वापसी को लेकर किसान संगठन 10 माह से ज्यादा से आंदोलन चला रहे है लेकिन उनके आंदोलनों को लखीमपुर खीरी मे तीन अक्टूबर को कानून-व्यवस्था के रखवाले केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्रा और उनके साथियों ने कारों के टायरों के नीचे कुचलने का काम किया। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी धान की खेती के लिए जाना जाता है। बाजार में धान एक हजार रूपए प्रति क्विंटल की दर से बिक रहा है। गन्ना किसानों का कई हजार करोड रूपया बकाया है। किसानों की कही सुनवाई नहीं है। खेती की लागत कई गुणा बढ गई है। डीजल और पैट्रोल के दाम जिस तेजी से बढ रहे है। लगता है वे 100 से जल्द ही 200 रूपए प्रति लीटर पहुंच जाएंगे।

सपा अध्यक्ष ने किसानों को भरोसा दिया कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने पर वह सभी समस्याएं हल करेंगे और किसानों और गरीब को भरपूर तवज्जों देंगे। अखिलेश यादव करीब एक बजे सभा स्थल पर पहुंच गए थे। उन्होंने पौने दो बजे संबंोधन शुरू करने से पूर्व स्थानीय वक्ताओं को सुना और उनसे भावनात्मक रूप से जुडने का काम किया। सभा की अध्यक्षता कर रहे पंडित शिवकुमार शास्त्री ने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री और फिर देश का प्रधानमंत्री बनने का आशीर्वाद दिया। शास्त्री ने कहा कि डिम्पल यादव का भाग्य बहुत प्रबल है। उसके कारण अखिलेश यादव निश्चित ही भारी बहुमत के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि डिम्पल और अखिलेश यादव लक्ष्मी और नारायण की प्रति मूर्ति नजर आते है। अखिलेश ने विन्रमता पूर्वक हाथ जोडकर पंडित जी के आशीर्वाद को फलीभूत होने की कामना की।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शास्त्री ने उनका हाथ देखकर सपा को साढे तीन सौ सीटे विधानसभा चुनाव में मिलने की भविष्यवाणी की है। सभा अध्यक्ष शिवकुमार शास्त्री ने अखिलेश यादव से आज की सभा के संयोजक और चैधरी यशपाल सिंह के पुत्र चैधरी इंद्रसैन के लिए गंगोह सीट से चुनाव लडाने की मांग भी की। सपा जिलाध्यक्ष एवं चैधरी यशपाल सिंह के ज्येष्ठ पुत्र चैधरी रूद्रसैन ने अखिलेश यादव का सभा की ओर से हार्दिक अभिनंदन किया। अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में प्रमोद त्यागी, संजय गर्ग, प्रोफेसर सुधीर पंवार, अतुल प्रधान, आशु मलिक और जगपालदास का नाम लिया।

अखिलेश यादव ने पत्रकार राकेश छोकर को यशपाल सिंह स्मृति सम्मान प्रदान किया। सभा के आयोजक सपा जिलाध्यक्ष चैधरी रूद्रसैन ने 60 हजार लोगों के आने की उम्मीद जताई थी। लेकिन हैरत की बात यह रही कि पंडाल में भीड समां नहीं पाईं। सभा स्थल के दोनो ओर बडी संख्या में लोग सडकों पर ही खडे होकर अखिलेश यादव को सुनने को मजबूर थे। जिले के बडे पुलिस-प्रशासनिक अफसर मौजूद थे लेकिन परिवहन और यातायात व्यवस्था ठीक नहीं होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पडा।