‘अखिलेश यादव सिंहासन खाली करो भाजपा आती है ’ नारे के साथ भाजपा निकालेगी परिवर्तन यात्राएं

modi-akhilesh-580x395लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को फतेह करने के लिए भाजपा नवम्बर माह के प्रथम सप्ताह में चार अलग-अलग स्थानों से परिवर्तन यात्राएं निकालने जा रही है।

ये यात्राएं 24 दिसम्बर को राजधानी लखनऊ पहुंचेंगी, जहां एक विशाल परिवर्तन सभा होगी। परिवर्तन यात्रा और सभा का नारा होगा, ‘अखिलेश यादव सिंहासन खाली करो भाजपा आती है।’

यात्राओं की तिथि जारी करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को यहां बताया कि पहली परिवर्तन यात्रा सहारनपुर से पांच नवम्बर को प्रारम्भ होगी। दूसरी यात्रा बुंदेलखण्ड क्षेत्र के ललितपुर से छह नवम्बर को जबकि तीसरी आठ नवम्बर को सोनभद्र से और चौथी यात्रा पूर्वांचल के बलिया से नौ नवम्बर को शुरु होगी। केशव ने बताया कि इन सभी यात्राओं को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये यात्राएं उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए 24 दिसम्बर को लखनऊ पहुंचेंगी, जहां पर एक परिवर्तन सभा का आयोजन किया जायेगा।

भाजपा इस परिवर्तन सभा को सम्बोधित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाने की फिराक में है। पार्टी ने परिवर्तन यात्राओं का संयोजक विधान परिषद सदस्य डा0 महेंद्र सिंह को बनाया है। महेंद्र सिंह पार्टी के केंदीय पदाधिकारी हैं। भाजपा ने असम विधानसभा चुनाव में उन्हें वहां का प्रभारी भी बनाया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों को बताया कि इन परिवर्तन यात्राओं और सभा के माध्यम से प्रदेश की सपा सरकार को संदेश दिया जायेगा कि ‘अखिलेश यादव सिंहासन खाली करो भाजपा आती है।’

एक सवाल के जवाब में केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश से कुशासन मिटाने और सुशासन लाने के लिए जनता के बीच है। पार्टी विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि राम मंदिर जल्द बने, लेकिन यह कार्य सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद होगा। एक दूसरे सवाल के जवाब में उन्होंने अखिलेश यादव को देश का सबसे असफल मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे असफल मुख्यमंत्री को भाजपा के किसी नेता का आशीर्वाद नहीं प्राप्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button