Breaking News

अनुराग ठाकुर खेलो इंडिया अंडर-21 महिला हॉकी लीग का करेंगे उद्घाटन

नयी दिल्ली, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में बुधवार को खेलो इंडिया अंडर-21 महिला हॉकी लीग के पहले संस्करण का उद्घाटन करेंगे।

उभरती प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का एक अतिरिक्त अवसर देने के लिए डिजाइन की गई यह लीग 15 से 21 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। सात दिनों के दौरान कुल 14 टीमें लीग के पहले खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा हॉकी इंडिया के सहयोग से आयोजित इस 14 टीमों वाली लीग का पहला चरण भुवनेश्वर के ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर और करनाल की राजा करण हॉकी अकादमी के बीच मैच के साथ शुरू होगा। भारतीय महिला जूनियर टीम, जो एफआईएच महिला जूनियर हॉकी विश्व कप की तैयारी कर रही है, टूर्नामेंट में फेवरेट के रूप में उतरेगी, जबकि साई की दो टीमें भी प्रतियोगिता में खिताब के लिए दावा पेश करेंगी।

टूर्नामेंट के दूसरे चरण का आयोजन लखनऊ के साई सेंटर में किया जाएगा। इसके बाद टीमें क्लाइमेक्टिक चरण के लिए भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम जाएंगी।

पूर्व भारतीय महिला हॉकी कप्तान एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता प्रीतम रानी सिवाच ने इस बारे में कहा, “ देश भर के खिलाड़ियों के लिए देश की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ अपनी प्रतिभा दिखाने का यह एक शानदार अवसर है। मुझे यकीन है कि सभी टीमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहेंगी, भले ही वे जानती हों कि भारत महिला जूनियर टीम और साई की दो टीमें प्रभावशाली होंगी। यह लीग खिलाड़ियों को एक प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ टीमों के साथ लड़ने का मौका देगी, जिसमें प्रत्येक मैच गुणवत्तापूर्ण हॉकी काे बढ़ावा दे सकता है। ”
टूर्नामेंट भाग लेने वाली टीमें इस प्रकार हैं:

ग्रुप ए : भारतीय महिला जूनियर, भारतीय खेल प्राधिकरण बी, ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर, भुवनेश्वर, खालसा हॉकी अकादमी, अमृतसर, मुंबई स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन, राजा करण हॉकी अकादमी और हिम अकादमी, विकास नगर (हिमाचल प्रदेश)।

ग्रुप बी : भारतीय खेल प्राधिकरण ए, मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी, भोपाल, हर हॉकी अकादमी, सोनीपत, जय भारत हॉकी अकादमी, दिल्ली, प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी, सोनीपत, स्पोर्ट्स हॉस्टल, भुवनेश्वर और दिल्ली हॉकी।