अपनी संप्रभुता की रक्षा करना भलीभांति जानता है भारत: केशव प्रसाद मौर्य

ललितपुर, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को कहा कि भारत एक शांतिप्रिय देश है जो किसी को छेड़ता नहीं है लेकिन अपनी संप्रभुता की रक्षा भी भलीभांति करना जानता है और छेड़े जाने पर उस देश को छोड़ता भी नहीं है। श्री मौर्य अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत ललितपुर पहुंचे और विकास खंड मड़ावरा के ग्राम कारीटोरन में आयोजित पंच कल्याण महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। अपने संबोधन में उन्होंने चंद्रगुप्त मौर्य और उनके वंशजों के त्याग का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से देश में भाजपा की डबल इंजन सरकार बेहतर ढंग से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों के लिए खजाना खोल दिया है और किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में दो-दो हजार रुपये की किस्त भेजी जा रही है। साथ ही महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए भी अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन अगर कोई भारत को छेड़ेगा तो उसे छोड़ा भी नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत किसी पर हमला नहीं करता, लेकिन यदि देश पर गोली चलाई जाएगी तो भारत उसका जवाब मजबूती से देगा। उन्होंने 2047 तक भारत और उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने के लक्ष्य को भी दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता भी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, जबकि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत पांच लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबियां दी गईं। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को चेक और अन्य सहायता दी गई तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





