Breaking News

अपनी सरकार बनाने तक, ये तीन नेता चैन से नही बैठेंगे

नई दिल्ली, अपनी सरकार बनाने तक तीन नेताओं ने चैन से नही बैठने की कसम खायी है। यह बात कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लखनऊ मे कही। उत्तर पदेश के लिए कांग्रेस के नवनियुक्त महासचिवों प्रिंयंका गांधी वाड्रा तथा ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ यहां रोड शो करने आये अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि राज्य में जबतक कांग्रेस की सरकार नहीं बनती है तब तक ‘‘मैं, प्रियंका और सिंधियाजी चैन से नहीं बैठेंगे।’’

अपनी बहन और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लखनऊ में रोड शो करते हुए शाम को पार्टी कार्यालय पहुंचे राहुल ने कहा, ‘‘हमारे सामने लोकसभा का चुनाव है, मैंने प्रियंका और ज्योतिरादित्य से कहा है कि इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन होना चाहिये, मगर उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार भी बनानी होगी । ये आप दोनों की जिम्मेदारी है।’’

उन्होंने कहा ”इनका लक्ष्य लोकसभा जरूर है, मगर इनका उद्देश्य विधानसभा में कांग्रेस की सरकार बनाने का है। हम यहां पर फ्रंट फुट पर खेलेंगे। जब तक यहां कांग्रेस पार्टी की सरकार नहीं बनेगी, तब तक सिंधियाजी, प्रियंका और मैं चैन से नहीं बैठेंगे। हम उत्तर प्रदेश में युवाओं, गरीबों और किसानों की सरकार लाएंगे।” कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ”यह आपके (प्रियंका, ज्योतिरादित्य और उनकी टीम) लिये कांग्रेस कार्यकर्ताओं का संदेश है कि उत्तर प्रदेश में अगर कांग्रेस को खड़ा करना है तो जमीनी नेताओं को आगे बढ़ाना पड़ेगा।”

राहुल ने यह भी कहा कि वह बसपा अध्यक्ष मायावती और सपा मुखिया अखिलेश यादव का आदर करते हैं, मगर कांग्रेस अगला लोकसभा चुनाव अपनी विचारधारा के लिये उत्तर प्रदेश को बदलने के मकसद से पूरे दम से लड़ेगी। राहुल ने कहा ”जो लोग हेलीकॉप्टर और हवाई जहाज में उड़ते हैं, उनसे आपका काम नहीं होने वाला। जो लोग गांव में लड़ेंगे, शहरों में लड़ेगे, सड़कों पर लड़ेंगे, उनको आगे बढ़ाइये। फिर देखिये कांग्रेस कैसे खड़ी होती है।” उन्होंने कहा ”उत्तर प्रदेश का पिछड़ा, गरीब, किसान, युवा सभी यहां कांग्रेस की सरकार चाहते हैं। सबको इन्होंने आजमा लिया है और सबके सब नाकाम हो गये हैं। अब एक ही रास्ता है।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘मोदी सरकार ने राफेल सौदे में भ्रष्टाचार किया। किसानों की बजाय उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया। हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा पूरा नहीं किया। आपके पास मुद्दों की कोई कमी नहीं है। आप आगे बढ़ें और कांग्रेस की विचारधारा की लड़ाई लड़ें।’’ राजधानी लखनऊ स्थित हवाई अड्डा पहुंचने के बाद दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त महासचिवों – प्रियंका गांधी एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया- के साथ रोड शो शुरू किया जो करीब पांच घंटे तक चला । रोड शो में लोगों की जबरदस्त मौजूदगी में कांग्रेस अध्यक्ष को हवाई अड्डे से स्थानीय कांग्रेस कार्यलाय की लगभग 12 किलोमीटर की दूरी तय करने में साढे पांच बज गए ।

प्रदेश में जोरदार स्वागत के लिये सभी का दिल से धन्यवाद करते हुए राहुल ने राफेल मामले पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा, मगर उन्होंने फायदा केवल अनिल अम्बानी को पहुंचाया। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार कुछ उद्योगपतियों का साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर सकती है लेकिन हिन्दुस्तान के किसानों का कर्ज नहीं माफ कर सकती है। चौकीदार चोर है, यह हिन्दुस्तान की सचाई है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष नेअ अंग्रेजी अखबार ‘द हिंदू’ में छपी खबर के संदर्भ में कहा, ‘‘चौकीदार ने राफेल खरीद में समानान्तर सौदेबाजी की । वायुसेना और रक्षा मंत्रालय कहते हैं कि चौकीदार चोर है।

रक्षा सौदे में साफ लिखा जाता है कि अगर खरीद में भ्रष्टाचार होता है तो उस पर सरकार कार्रवाई कर सकती है। मगर मोदी ने अम्बानी को 30 हजार करोड़ रुपये दिलाने के लिये उस प्रावधान को ही हटा दिया । इसके पूर्व, कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी बनाये जाने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर लखनऊ पहुंची। उनके साथ उनके भाई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के नवनियुक्त प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी लखनऊ पहुंचे। हवाई अड्डे पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भरपूर गर्मजोशी से तीनों नेताओं का स्वागत किया।

राहुल, प्रियंका और सिंधिया ने हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया। हवाई अड्डे से तीनों नेताओं का रोडशो शुरू हुआ। उनके ‘रथ’ पर कई अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता भी मौजूद थे। वे आलमबाग, चारबाग और लालबाग होते हुए हजरतगंज पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और डाक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और करीब 12 किलोमीटर का सफर तय करके शाम को कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। प्रियंका, राहुल और सिंधिया के रथ पर रास्ते में खड़े हजारों कार्यकर्ताओं ने गुलाब और गेंदे के फूलों की वर्षा की।

उत्साही कार्यकर्ताओं में ‘सेल्फी’ लेने की होड़ मच गयी। रोडशो के मार्ग पर तमाम जगहों पर पंडाल और स्टेज लगाये गये थे। जहां कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं का स्वागत किया। लालबाग में राहुल ने जनसमूह को सम्बोधित भी किया। मगर प्रियंका ने कहीं भी सम्बोधन नहीं दिया।
रोड शो के लिए लखनऊ हवाई अड्डे से कांग्रेस कार्यालय तक के मार्ग को होर्डिंग, पोस्टर और बैनर से पाट दिया गया था। कुछ होर्डिंग-बैनर में प्रियंका को मां दुर्गा के रूप में दिखाया गया। प्रियंका और राहुल के स्वागत के लिए प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने प्रियंका सेना भी बनायी। सेना में शामिल कार्यकर्ता गुलाबी टी-शर्ट और पैंट पहने नजर आये। टी—शर्ट पर प्रियंका की तस्वीर भी बनी थी।