अब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में भी लहराएगा , 102 फुट ऊँचा तिरंगा

नयी दिल्ली , जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय और दिल्ली विश्वविद्यालय की तरह अब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में भी 102 फूट ऊँचा तिरंगा लहराएगा और वीर जवानों को समर्पित दीवार बनाई जायेगी।
जामिया की नयी कुलाधिपति एवं मणिपुर की राज्यपाल नजमा हेपतुल्लाह सोमवार को इस तिरंगे को औपचारिक रूप से फहरायेंगी और दीवार का अनावरण करेंगी। तिरंगा कुलपति कार्यालय के सामने लहराएगा जबकि दीवार जाकिर हुसैन पुस्तकालय के पास बनाई जायेगी जिसमे 21 परमवीर चक्र जवानों की तस्वीरें होगीं। इस मौके पर कुलपति तलत अहमद, प्रतिकुलपति शहीद अशरफ एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद होंगे।
कुलाधिपति बनने के बाद श्रीमती हेपतुल्लाह पहली बार जामिया आयेंगी। वह पांच साल के लिए कुलाधिपति बनाई गयी हैं।
पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति इरानी के कार्यकाल में केंद्रीय विश्वविद्यालयों में देशभक्ति की भावना का संचार करने के लिए 102 फुट ऊँचा तिरंगा लहराने का फैसला किया गया था।





