अमित शाह की रैली को लेकर भाजपा कोर कमेटी की हुई बैठक

चंडीगढ़, पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पंजाब रैली की तैयारियों की समीक्षा के लिए पार्टी की कोर कमेटी की बैठक की।
बैठक से पहले मीडिया से बात करते हुए सुनील जाखड़ ने बताया कि ईरान-इजरायल-अमेरिका संकट के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। उन्होंने बताया कि बिगड़ते हालात के कारण खाड़ी देशों में फंसे पंजाबी या उनके परिवार के सदस्य हेल्पलाइन नंबर 75085-60065 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से पार्टी ऐसे लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने या उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
सुनील जाखड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पहले ही इन देशों में भारतीय दूतावासों को वहां रह रहे भारतीयों की मदद करने और उन्हें सुरक्षा और जरूरी अपडेट प्रदान करने के निर्देश जारी कर दिये हैं। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच एक ‘अदृश्य गठबंधन’ है और कांग्रेस, आप की बी-टीम की तरह काम कर रही है। उन्होंने कहा, “ राज्य की जनता ‘आप’ सरकार की नीतियों से परेशान है। कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और नशा खरपतवार की तरह फैल रहा है, फिर भी कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। ”
सुनील जाखड़ ने कहा कि बरनाला रैली में शामिल हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ‘आप’ सरकार के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला, जबकि मुख्य विपक्षी दल के रूप में जनता के मुद्दे उठाना कांग्रेस का नैतिक कर्तव्य था। श्री गांधी द्वारा पंजाब के नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने पर टिप्पणी करते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि यह साबित करता है कि वह अब पार्टी पर अपना प्रभाव खो चुके हैं। जो कांग्रेस नेता खुद को मुख्यमंत्री का दावेदार बताते हैं, वे अब किस साख के साथ जनता के बीच जाएंगे? कांग्रेस पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भारत द्वारा किये गये किसी भी समझौते का पंजाब के किसानों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।





