अमेठी में एसआईआर पर सियासी घमासान, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

अमेठी,  अमेठी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। महिला बीएलओ और भाजपा पदाधिकारियों के बीच कथित विवाद ने अब सियासी रूप ले लिया है। इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। ज्ञापन में कहा गया है कि कांग्रेस पूर्व में भी बूथ कैप्चरिंग, फर्जी मतदान और मतदाता सूची में हेरफेर कर चुनाव को प्रभावित करती रही है। भाजपा ने आरोप लगाया कि वर्तमान विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान भी फर्जी नाम जुड़वाने और कुछ वर्गों के मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास किया जा रहा है।

ज्ञापन के अनुसार चार फरवरी को ठेंगहा गांव के बूथ संख्या 207 व 208 पर पुनरीक्षण अभियान के सिलसिले में भाजपा जिलाध्यक्ष की बैठक के बाद कांग्रेस के जिला सचिव राकेश कुमार मौर्य और उनकी पत्नी, जो कथित रूप से अन्य बूथ की बीएलओ हैं, वहां पहुंचे और कार्यकर्ताओं से कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। भाजपा का दावा है कि कोई मारपीट या कहासुनी नहीं हुई, बावजूद इसके जिलाध्यक्ष को बदनाम करने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी को मनगढ़ंत प्रार्थना पत्र दिया गया।

भाजपा ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है। प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Back to top button