अमेरिका के साथ व्यापारिक डील किसानों और रोजगार के खिलाफ: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापारिक डील को देश की खेती, उत्पादन और रोजगार के लिए नुकसानदेह बताया है। उन्होंने कहा कि यह ऐसी ‘डील’ है, जो देश की अर्थव्यवस्था की बुनियाद को कमजोर कर सकती है।
अखिलेश यादव ने गुरुवार को जारी एक बयान में कहा कि यह समझौता किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और घरेलू उद्योगों के हितों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विदेशियों के सामने देश के बाजार को खोल रही है, जिससे खेती-किसानी और स्थानीय उत्पादन को भारी क्षति पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि जब आयात बढ़ेगा तो देश का किसान अपनी उपज कहां और किस मूल्य पर बेचेगा।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की बात करते थे, वे अब ‘परनिर्भरता’ की राह पर चल पड़े हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से स्पष्ट करने की मांग की कि विदेशी दबाव में देश के हितों से समझौता क्यों किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां लगातार किसान विरोधी रही हैं। कभी भूमि अधिग्रहण के जरिए तो कभी कृषि कानूनों के माध्यम से किसानों पर दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी कर कोई भी सरकार लंबे समय तक नहीं चल सकती।
इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के सांसदों ने संसद परिसर में अमेरिका के साथ हो रही व्यापारिक डील के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। पार्टी सांसदों ने बैनर-पोस्टर लेकर नारेबाजी की और कहा कि यह डील किसानों के लिए संकट बढ़ाने वाली है।





