अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मई में करेंगे चीन की यात्रा

नयी दिल्ली, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 14-15 मई को बीजिंग की यात्रा करेंगे, जहाँ वह अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग के साथ एक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने गुरुवार को यह घोषणा की कि चीनी राष्ट्रपति भी इस वर्ष के अंत में अमेरिका की यात्रा करेंगे। श्री ट्रम्प ने कहा कि वह ‘श्री जिनपिंग के साथ मुलाकात के लिए बहुत उत्सुक हैं, जो कि यकीनन एक यादगार घटना होगी।’ दोनों राष्ट्रपतियों के बीच यह उच्च स्तरीय बैठक पहले 31 मार्च से दो अप्रैल के दौरान होनी थी, लेकिन ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा, “चीन के सम्मानित राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मेरी बैठक पुनर्निर्धारित की गयी है और यह 14 और 15 मई को बीजिंग में होगी। श्रीमती मेलानिया और मैं इस वर्ष के अंत में वाशिंगटन में श्री जिनपिंग और मैडम पेंग की मेजबानी भी करेंगे।”
सूत्रों ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और श्री जिनपिंग के बीच शिखर बैठक में द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर करने और कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की उम्मीद है। चर्चा का उद्देश्य आयात शुल्क, व्यापार समझौते और कृषि तथा हवाई जहाज के पुर्जों जैसे विशिष्ट क्षेत्रों के संबंध में तनाव को कम करना है। उच्च प्राथमिकता वाले विषयों में ताइवान, क्षेत्रीय सुरक्षा और पश्चिमी एशिया की स्थिति शामिल है। कंप्यूटर चिप्स, दुर्लभ मृदा तत्वों और मादक पदार्थों से संबंधित चिंताओं पर भी बातचीत किये जाने की उम्मीद है।
इस बीच, श्री ट्रम्प ने पश्चिमी एशिया में संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के बीच ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ को सुरक्षित करने में चीन का समर्थन मांगा है।
सूत्रों ने कहा कि यात्रा को इसलिए पुनर्निर्धारित किया गया क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों की निगरानी के लिए वाशिंगटन में रहना आवश्यक था। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने भी घोषणा की कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प 2026 में वाशिंगटन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग और मैडम पेंग लियुआन की यात्रा की मेजबानी करेंगे।





