अम्बेडकरनगर में खुलेंगे पशु औषधि केन्द्र, सस्ते दामों पर मिलेंगी दवाएं

अम्बेडकरनगर, उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले में प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र की तर्ज पर पशुपालकों को सस्ते दामों पर पशु दवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक विकास खण्ड में एक पशु औषधि केन्द्र खोला जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि इच्छुक आवेदकों को आवेदन के साथ फार्मासिस्ट का नाम एवं उसका वैध पंजीकरण विवरण, दुकान के लिए न्यूनतम 120 वर्ग फुट स्थान का प्रमाण पत्र तथा ड्रग सेल लाइसेंस प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इस योजना में प्रधानमंत्री कृषि समृद्धि केन्द्र और सहकारी समितियों से जुड़े पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह योजना भारत सरकार के पशुधन स्वास्थ्य एवं बीमारी नियंत्रण कार्यक्रम (एनएचडीपी) के अंतर्गत संचालित होगी।
उन्होंने बताया कि पशु औषधि केन्द्र खोलने के लिए 5,000 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है और आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इन केन्द्रों के शुरू होने से पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण दवाएं किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे पशुधन स्वास्थ्य में सुधार आएगा।





