अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट जीत रहे हैं हम: शिवपाल यादव

अयोध्या,समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि अयोध्या जिले की मिल्कीपुर विधानसभा की सीट को हम जीत रहे हैं।

शिवपाल यादव आज यहां समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोकसभा चुनाव में यहां की जनता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराया था ठीक उसी तरह से मिल्कीपुर उपचुनाव में भी जनता भाजपा को हरायेगी। उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर विधानसभा में समाजवादी पार्टी के वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक बेईमान सरकार है। भगवान राम के नाम पर कितने ही घटिया काम यह लोग कर रहे हैं, यहां की जनता इस बार भी इन्हें मिल्कीपुर उपचुनाव में हरायेगी।

पत्रकारों द्वारा प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ पर पूछे गये एक प्रश्न पर शिवपाल यादव ने कहा कि जब हमारी सरकार थी तो हमने कुंभ पर छह सौ करोड़ रुपये खर्च किये थे। भाजपा सरकार अधिकारियों से मिलकर कुंभ के बजट का आनंद ले रही है। ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव होंगे भाजपा हर जगह से हारेगी। इसलिए वह जनता को बहकावे में लाने की कोशिश कर रही है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि जितने भी चुनाव हुए क्या एक साथ भाजपा ने चुनाव करवा लिये। जब कभी प्रदेशों में सरकार अल्पमत में होगी तो यह लोग क्या करेंगे। यह भाजपा के लोग हैं। यह केवल बेईमानी करते हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार पर पूछे गये प्रश्न पर उन्होंने कहा कि भाजपा से जनता परेशान है। यहां तक कि भाजपा में भी नाराजगी है। जनता जब दुखी होगी तो निश्चित रूप से भाजपा सरकार जायेगी। शिवपाल यादव समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष ललित यादव की मां के तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिये आये थे। इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री तेजनारायण पाण्डेय, जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, सपा नेता बलराम यादव सहित तमाम समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button