Breaking News

अयोध्या में भव्य दीपोत्सव मनाने की तैयारी शुरू

अयोध्या, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव को दिव्य और भव्य मनाने के लिये जोर-शोर से तैयारियां शुरू हो गयी हैं।

श्रीराम की नगरी में भव्य और दिव्य बन रहे राम मंदिर में रामलला के विराजमान होने के बाद यह आठवां दीपोत्सव मनाये जाने के लिये तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गयी हैं। इस बार दीपोत्सव का खास आकर्षण सरयू की महाआरती होगी। इस अवसर पर करीब 24 लाख से अधिक दिये जलाकर नया विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी हो रही है। एक साथ 1100 संत-धर्मचार्य व विशिष्ट जनों की उपस्थिति में सरयू की महाआरती होगी।

दीपोत्सव 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक होगा। दीपोत्सव में 10 लाख लोगों को राम की पैड़ी में बन रहे दर्शक दीर्घा में स्थान दिया जायेगा। यह निर्माण सितम्बर के अंत तक पूरा होने का अनुमान है। दीपोत्सव में गत वर्ष की तरह 11 झांकियां भी निकाली जायेंगी जो साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक निकलने वाली रामराज्याभिषेक यात्रा में यह झांकिंयां आकर्षण का केन्द्र होंगी। साथ ही पूरी अयोध्या नगरी को भव्यता पूर्वक सजाया जायेगा। सरयू तट पर आतिशबाजी होगी। राम की पैड़ी पर लेजर शो का आयोजन होगा।

उपनिदेशक पर्यटन राजेन्द्र प्रसाद यादव ने आज यहां यूनीवार्ता को जानकारी देते हुए बताया कि 12 नवम्बर 2017 को अयोध्या में दीपोत्सव शुरू कराया गया था जो इस बार का आठवां दीपोत्सव धूमधाम से मनाया जायेगा। इस सिलसिले में एक सितम्बर 2024 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में दीपोत्सव सम्बन्धित एक बैठक होना है। उस बैठक में विगत वर्षों की भांति दीपोत्सव मनाने की चर्चा की जायेगी। भव्य और दिव्य दीपोत्सव होना है। इसमें नये कार्यक्रम क्या होंगे यह तो बैठक के बाद ही जानकारी होगी।

उन्होंने बताया कि सितम्बर में होने वाली बैठक में कार्य योजना प्रस्तुत की जायेगी उसके बाद दीपोत्सव की रूपरेखा तय होगी। पर्यटन अधिकारी के अनुसार शासन से कार्यक्रमों को हरी झण्डी मिलने के बाद कार्यक्रमों की तैयारी शुरू होगी। फिलहाल दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी।