अयोध्या में महायज्ञ के दौरान पंडाल में लगी आग,जनहानि नहीं

अयोध्या, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह द्वारा अयोध्या के सरयू तट पर राजघाट के पास आयोजित श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ के समापन दिवस के दोपहर को आज अचानक हवन कुंड पर बने पंडाल में आग लग गई, जिसके कारण थोड़ी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। आग पर काबू पाए जाने के बाद सब कुछ ठीक रहा। महायज्ञ पंडाल में जिस समय आग लगी उस समय हवन की पूर्णाहुति हो चुकी थी। परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह ने कहा है सब प्रभु श्रीराम की कृपा है, अब सब ठीक हैं।

अयोध्या के राजघाट पर बाटी वाले बाबा घाट के निकट बीते 20 मार्च से चल रही श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ के आखिरी दिन आज दोपहर के करीब 12 बजकर 20 मिनट पर भयंकर आग लग गई। यज्ञशाला का विशाल पंडाल जलकर राख हो गया गनीमत यह थी कि महायज्ञ और हवन आज आग लगने की एक घंटा पूर्व ही लगभग पूर्ण हो चुका था। आज 28 मार्च को दोपहर 2:00 बजे से रात 8:00 बजे तक विराट धर्म सम्मेलन और रात 8:00 बजे से रात 12:00 बजे तक भजन संध्या का कार्यक्रम था।

आयोजक दया शंकर सिंह ने बताया कि आग लगने की घटना के कारण आज 28 मार्च को होने वाला विराट धर्म सम्मेलन और रात में भजन संध्या का प्रस्तावित कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया। आग लगने से नुकसान तो लाखों का हुआ है लेकिन किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

आग लगने की सूचना मिलते ही यज्ञ स्थल के पास अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, कमिश्नर राजेश कुमार, डीआईजी सोमन वर्मा, जिलाधिकारी निखिल टी फुण्डे, एसएसपी गौरव ग्रोवर सहित आला अधिकारी पहुंच कर स्थित के जायजा लिया। एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि आग से पंडाल जल कर खाक हो गया, लेकिन किसी प्रकार की जन हानि नही हुई।

Related Articles

Back to top button