Breaking News

अयोध्या में शुरु होगा सिटी बसों का संचालन

अयोध्या, श्रीराम की नगरी अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले सिटी बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम की ओर से नगरीय बसों का एक बेड़ा संचालित किया जायेगा। शहर में 50 ई-बसें चलाने की योजना है हालांकि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पहले केवल 25 बसों को चलाने की योजना बनायी जा रही है। नगर निगम अयोध्या नगरीय परिवहन सेवा उपलब्ध कराने जाने के लिये नगर निगम द्वारा नगरीय बसों का एक बेड़ा सडक़ पर उतारा जा रहा है। बसों का संचालन परिवहन विभाग करेगा लेकिन इसकी निगरानी नगर निगम के पास होगी।

उन्होंने बताया कि लखनऊ की तरह ही अयोध्या शहर व अयोध्या धाम में ही वातानुकूलित बसों को प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पहले शुरू कराये जाने की व्यापक तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने बताया योजना तो 50 सिटी बसें चलाने की है लेकिन शहर में इतनी बसें चलाया जाना मुश्किल होगा इसलिए शुरुआत में 25 ई-सिटी बसें चलाने की ही प्रक्रिया चल रही है। बसों के संचालन के लिये स्पेशल रेकिल कमेटी का गठन किया गया है जिनमें पदेन सचिव आर.एम. रोडवेज है और नगर आयुक्त उसके सदस्य हैं।

क्षेत्रीय प्रबंधन रोडवेज विमल राजन ने बताया कि ई-बसों का संचालन रोडवेज द्वारा किया जायेगा। सभी छह मुख्य मार्गों से कनेक्ट किया जायेगा। इसके अलावा अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट रेलवे तथा बस स्टैंड को भी कनेक्ट किया जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र के अन्तर्गत कूढ़ा केशवपुर में करीब दो एकड़ जमीन पर बसों के ई-चार्जिंच के लिये स्टेशन भी बनाया जायेगा। यह प्रोजेक्ट करीब दस करोड़ का है। ई-चार्जिंग स्टेशन निर्माण का काम कार्यदायी संस्था सीएडीएस को दिया गया है। इसके लिए डीपीआर बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। शासन से धनराशि उपलब्ध होते ही ई-चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जायेगा। इसके बाद शासन से वातानुकूलित ई-बसें भी उपलब्ध होंगी। रामलला के दर्शन करने में श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न होने पावे इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।