Breaking News

अरब सागर में नौका डूबी, सात मछुआरे लापता

पोरबंदर,  गुजरात तट के पास अरब सागर में तीन दिन पहले नौका डूबने के बाद लापता हुए सात मछुआरों का अब तक कुछ पता नहीं है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देवभूमि द्वारका जिले के ओखा से मोइन नाम की नौका तीन दिसंबर को मछली पकड़ने के लिये समंदर में रवाना हुई थी। नाव पर सात मछुआरे सवार थे।

नाव के मालिक इस्माइल इशहूब भराच द्वारा पुलिस और मत्स्य विभाग को दी गई जानकारी के मुताबिक छह दिसंबर की रात अज्ञात कारणों से नौका अरब सागर में डूब गई और उसमें सवार सभी मछुआरे लापता हो गए। अधिकारियों ने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल ने तलाश और बचाव अभियान शुरू किया है लेकिन सातों मछुआरों में से अब तक किसी का पता नहीं चला है।

उन्होंने कहा कि डूबी हुई नौका हालांकि गिर सोमनाथ तट के पास समुद्र में मिली। लापता मछुआरों की पहचान भारत चूडासमा, दिनेश सोलंकी, काचरा सोलंकी, जेसा वंश, अरविंद चूडासमा और जेंती मकवाना के तौर पर हुई है ये सभी निकटवर्ती गिर सोमनाथ जिले के रहने वाले हैं।