आइटा टेनिस टूर्नामेंट में अमित और उपनिषद ने किया उलटफेर, क्वार्टर फाइनल में

लखनऊ, लखनऊ में आयोजित स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में राजस्थान के अमित और हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज ने उलटफेर करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड प्रायोजित इस एक लाख रुपये की प्राइजमनी वाले टूर्नामेंट का आयोजन एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में राजस्थान के अमित ने छठीं वरीय उत्तर प्रदेश के अंशुमान सिंह को 6-2, 6-3 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। वहीं हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज ने तीसरी वरीय पश्चिम बंगाल के सार्थक गुलाटी को 6-4, 6-2 से पराजित किया।
अन्य मुकाबलों में हरियाणा के वंश नंदल ने यूपी के ऋषि यादव को 5-7, 6-4, 6-2 से हराया, जबकि दूसरी वरीय तमिलनाडु के मुकिल रामानन ने वंश यादव को 2-6, 6-3, 6-3 से शिकस्त दी।
पुरुष एकल के दूसरे राउंड में शीर्ष वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा ने हरियाणा के हर्ष मलिक को 6-2, 6-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं क्वालीफायर सुनील कुमार ने चिन्मय देव चौहान को 7-6(6), 6-2 से हराया। पुरुष युगल वर्ग में भी मुकाबले शुरू हो गए हैं, जिसमें विभिन्न जोड़ियों ने जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
इसके अलावा स्वरुप अग्रवाल प्राइजमनी टैलेंट हंट टूर्नामेंट में अंडर-10 बालक वर्ग का खिताब अव्यान जैन ने अव्यांश पाठक को 4-2 से हराकर जीता।





