आईपीएल मैच के दौरान आधी रात्रि तक चलेगी लखनऊ मेट्रो

लखनऊ, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दौरान लखनऊ में होने वाले मैचों के लिए मेट्रो सेवाओं का समय बढ़ाने का निर्णय लिया है। जिसके तहत लखनऊ सुपर जायन्ट्स (एलएसजी) के मैचों के दिनों में मेट्रो सेवाएं रात 12:30 बजे तक उपलब्ध रहेंगी, जिससे दर्शकों को देर रात सुरक्षित और आसान यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।

आईपीएल मैच आमतौर पर शाम 7:30 बजे शुरू होते हैं और देर रात तक चलते हैं। ऐसे में दर्शकों को घर लौटने में दिक्कत न हो, इसके लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है। यूपीएमआरसी लगातार चौथे वर्ष यह सुविधा उपलब्ध करा रहा है, जिससे उसकी यात्रियों के प्रति प्रतिबद्धता भी झलकती है।

लखनऊ में सायंकालीन मैच 1 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 15 मई और 23 मई को खेले जाएंगे। इन सभी दिनों में मेट्रो सेवाएं सामान्य समय से अधिक देर तक संचालित होंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंचने हेतु विशेष फीडर बस सेवा भी चलाई जाएगी। वहीं इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन और ट्रांसपोर्टनगर मेट्रो स्टेशन से दोपहर 3 बजे से हर 15 मिनट के अंतराल पर बसें उपलब्ध रहेंगी। मैच समाप्त होने के बाद भी स्टेडियम से मेट्रो स्टेशनों तक वापसी के लिए बस सेवा जारी रहेगी।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और निर्बाध यात्रा प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मेट्रो केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि यात्रियों को बेहतर अनुभव देने का माध्यम भी है।

Related Articles

Back to top button