आखिर किताब में ऐसा क्या है, जिससे घबरा रहे हैं मोदी सरकार के बड़े बड़े मंत्री : मल्लिकार्जुन खरगे

नयी दिल्ली,  कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर पूर्व सेनाध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे की पुस्तक के बारे में बोलने से रोकने पर हैरानी व्यक्त करते हुए सवाल उठाया कि आखिर इस किताब में ऐसा क्या है जिससे मोदी सरकार के बड़े-बड़े मंत्री घबरा रहे हैं।

मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर सोमवार को एक पोस्ट में कहा कि आरएसएस-भाजपा की वैचारिक आधारशिला ही तथ्यों को छिपाने पर टिकी है, तभी ये मोदी सरकार संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा के गंभीर सवालों पर जवाब देने से ऐसे बच रही है जैसे उसकी दुखती रग पर किसी ने हाथ रख दिया हो। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सदन में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक बेहद गंभीर मुद्दा उठाया है।

उन्होंने कहा “पूर्व सेनाध्यक्ष की किताब में ऐसा क्या लिखा है जिससे मोदी सरकार के बड़े-बड़े मंत्री घबरा रहे हैं। उनकी किताब को प्रकाशित होने से कौन रोक रहा है। पूरा देश जानता है कि भाजपा का राष्ट्रवाद झूठा है। वो देशभक्ति कि बड़ी-बड़ी बातें करते हैं पर 2020 में गलवान में हमारे 20 जवानों के सर्वोच्च बलिदान के बाद मोदी जी ख़ुद चीन को क्लीन चिट थमा देते हैं। क्या ये सच नहीं है।”

उन्होंने सवाल किया कि क्या संसद में इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा तथा विदेश नीति से जुड़े मुद्दों पर देश को विश्वास में नहीं लिया गया है। उन्होंने मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि ‘लोकतंत्र की जननी’ की बात करने वाले लोकतंत्र की आत्मा को रौंदने में क्यों जुटे हए हैं।

 

 

Related Articles

Back to top button