आजम खान ने किया सवाल- कहां लिए जा रहे हो मुल्क को ?

रामपुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सपा नेता आजम खान ने कहा कि मोदी राज में देश राह से भटक गया है. देश बैलेट की जगह बुलेट के मार्ग पर चल पड़ा है, जिसका परिणाम सभी के सामने है.
रामपुर में सपा कैंप कार्यालय में, आजम खां ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे जीवन में सबसे बड़ा राजनीतिक मूवमेंट बाबरी मस्जिद राम जन्मभूमि का है, जिसकी आज भी हिन्दुस्तान कीमत अदा कर रहा है और शायद इसकी अदायगी आसानी से खत्म होने वाली नहीं है. आजम खां ने कहा कि हिन्दुस्तान का माहौल सबसे ज्यादा बदनसीब और निंदनीय है.
जुनैद, नजीब के कत्ल वो हैं, जो प्रकाश में आ जाते हैं, लेकिन आमतौर पर जो ज्यादती हो रही है, वो हुक्मरानी नहीं है. जब सिर उतरते हैं, तो ताज उतर जाते हैं. बेहद खतरनाक खेल हो रहा है.इससे पूरे हिंदुस्तान को शर्मिंदा होना चाहिए और सोचना चाहिए कि हम पूरी दुनिया को क्या मुंह दिखाएंगे. आजम ने सवाल किया कि कहां लिए जा रहे हो मुल्क को?
आजम खान ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर तंज करते हुए कहा कि भगवा दुपट्टे ओढ़कर जवानी आ गई. किसी वजीर ने कहा कि यह समाजवादी गुंडे हैं, तो पकड़ो उन्हें. अगर समाजवादी होते, तो पकड़े जाते मगर यह कैसे पकड़े जाएंगे, क्योंकि इनके गलों में भगवा दुपट्टे पड़े हैं. अगर गिरफ्तार करेंगे, तो थाने जला दिए जाएंगे. दरोगा जी को दौड़ा-दौड़ा कर मारा जाएगा.





