Breaking News

आज बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई पांच नई फिल्में

मुंबई, इस शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर पांच नई फिल्में रिलीज हुई हैं, जिनमें मुख्य मुकाबला अर्जुन कपूर और श्रद्धा कपूर की हाफ-गर्लफ्रेंड और इरफान की फिल्म हिन्दी मीडियम के बीच होगा। इन दोनों फिल्मों के अलावा टीवी एक्टर इमरान खान की बतौर निर्देशक पहली फिल्म सरगोशियां रिलीज होगी, जो कश्मीर पर आधारित है और वहां इसका प्रीमियर भी होने जा रहा है।

इन तीनों फिल्मों के अलावा रिलीज होने जा रही दो नई फिल्मों में लाइफ की ऐसी की तैसी और जट्टू इंजीनियर के नाम हैं। मुख्य मुकाबला हाफ गर्लफ्रेंड और हिंदी मीडियम के बीच रहेगा। एकता कपूर की बालाजी कंपनी में बनी फिल्म हाफ गर्लफ्रेंड उपन्यासकार चेतन भगत की इसी नाम से लिखे गए नॉवेल पर बनी है, जो बिहार के ऐसे लड़के की कहानी है, जो अंग्रेजी नहीं बोल पाता और फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाली लड़की से इश्क कर बैठता है।

मोहित सूरी ने इसका निर्देशन किया है, जिनकी पिछली फिल्म आशिकी 2 सुपर हिट रही थी। मोहित सूरी के निर्देशन में एक विलेन और आशिकी 2 के बाद श्रद्धा कपूर इस फिल्म के साथ हैट्रिक लगा रही हैं, जबकि अर्जुन इस टीम में पहली बार आए हैं। इसका मुकाबला करने जा रही साकेत चौधरी निर्देशित फिल्म हिंदी मीडियम दिल्ली में अंग्रेजी स्कूलों में अपने बच्चों को पढ़ाने की ख्वाहिश रखने वाले परिवारों की व्यथा-कथा है, जिसमें इरफान और पाकिस्तानी अभिनेत्री सबा करीम की मुख्य भूमिकाएं हैं। टी-सीरीज और दिनेश विजन ने इस फिल्म का निर्माण किया है। बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों बाहुबली 2 की धूम मची हुई है, जबकि पिछले शुक्रवार को रिलीज हुई रामगोपाल वर्मा की सरकार 3 और यशराज की फिल्म मेरी प्यारी बिंदू को असफलता का सामना करना पड़ा है।