आनंदीबेन पटेल ने एचबीटीयू में छात्र सुविधाओं व शोध पर दिया बल

लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति  आनंदीबेन पटेल ने कानपुर स्थित हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) में छात्र सुविधाओं और शोध कार्य प्रोत्साहित करने पर बल दिया है।

आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आज आयोजित समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय के कुलपति एवं विभिन्न विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभागों का प्रस्तुतीकरण करते हुए आगामी पांच वर्षों का विजन साझा किया। समीक्षा के दौरान राज्यपाल ने छात्रावासों में स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे बाहरी भोजन पर निर्भर न रहें।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के भवनों के निर्माण में छात्र सुविधाओं को प्राथमिकता देने तथा उपलब्ध बजट का पारदर्शी और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बजट का वास्तविक लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए। शोध गतिविधियों की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में किए जा रहे शोध कार्यों के पेटेंट कराने और उनके व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शोध तभी सार्थक है, जब उसका लाभ आम जनमानस तक पहुंचे। प्रमुख शोध कार्यों को संकलित कर पुस्तक के रूप में प्रकाशित करने और अन्य संस्थानों के साथ साझा करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने विभिन्न संस्थानों के साथ एमओयू के माध्यम से शोध को बढ़ावा देने तथा विश्वविद्यालय के नवाचार कार्यों का प्रचार-प्रसार प्रेस कॉन्फ्रेंस, समाचार पत्रों और ग्रामीण क्षेत्रों के माध्यम से करने पर भी जोर दिया।

राज्यपाल ने ग्रामीण छात्र-छात्राओं के लिए उपयोगी डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

बैठक में विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) डॉ. पंकज एल. जानी सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button