आप के खिलाफ साजिश में दिल्ली के तीन करोड लोगों का हुआ नुकसान : अरविंद केजरीवाल

नयी दिल्ली,आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में बरी होने के बाद आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के राजनीतिक षडयंत्र का खामियाजा दिल्ली के तीन करोड लोगों को झेलना पड़ा।
अरविंद केजरीवाल ने अदालत से बरी होने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्हें साजिश के तहत जेल भेजा गया और उनकी पार्टी को खत्म करने की कोशिश की गयी। उन्होंने कहा, ”हम प्रधानमंत्री से कहना चाहते हैं कि आप जेल भेजकर या साजिश रचकर केजरीवाल को खत्म नहीं कर सकते हैं, अब आपके पास एक ही रास्ता है केजरीवाल का कत्ल करा दें।” उन्होंनेकहा कि अगर केजरीवाल को खत्म करना चाहते हैं तो उनकी तरह सैकडों स्कूल और मोहल्ला क्लिनिक बनवायें ताकि देश तरक्की कर सके।
उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री को चुनौती देता हूं वह आज दिल्ली में चुनाव करा लें अगर उनकी पार्टी को दस सीट से अधिक आ गयी तो हम राजनीति छोड देंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पिछले एक साल में दिल्ली का बेडा गर्क कर दिया है। दिल्ली में स्कूल से लेकर स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गयी है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रतिदिन प्रधानमंत्री के खिलाफ अनाप शनाप बयान दे रहे हैं लेकिन हमारे प्रधानमंत्री की हिम्मत नहीं कि वह कोई जवाब दे सकें।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अदालत ने स्पष्ट किया है कि मुकदमा चलाने लायक भी पर्याप्त सबूत नहीं हैं। उनके मुताबिक, “अदालत का कहना है कि एक भी ठोस गवाह और सबूत पेश नहीं किया जा सका। इतना फर्जी केस था कि ट्रायल चलाने का आधार तक नहीं बना।” उन्होंने अपने वकीलों, विशेष रूप से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी समेत सभी वकीलों का आभार जताते हुए कहा कि कानूनी टीम ने पूरी मजबूती से पक्ष रखा।
उन्होंने कहा, “मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी कमाई ईमानदारी है। जब कोई मुझे बेईमान कहता है तो फर्क पड़ता है। अदालत के आदेश से साबित हो गया है कि मैं और मेरी पार्टी कट्टर ईमानदार हैं। आज मेरे दिल से बहुत बड़ा बोझ उतर गया।”
उन्होंने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद उनके “गायब” होने की बात कही जाती रही, लेकिन वह खुद को राजनेता नहीं मानते। उन्होंने कहा, ” इसी वजह से मैं चुप रहा क्योंकि मुझे फर्क पडता है। अदालत से यह साबित हो गया कि यह पूरा खेल साजिश का था।”
उल्लेखनीय है कि कथित शराब घोटाला मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया समेत अन्य 23 आरोपियों को आज बरी कर दिया है।





