इंडिया एआई इम्पैक्ट सम्मेलन के दौरान युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, मोदी के खिलाफ लगाये नारे

नयी दिल्ली, भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने यहां भारत मंडपम में आयोजित इंडिया आर्टिफिशियल इंटेजीजेंस (एआई) इम्पैक्ट सम्मेलन के दौरान शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश की अस्मिता से समझौता करने का आरोप लगाते हुए उनके ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की। युवा कांग्रेस के नेताओं का कहना था कि सरकार एआई और डिजिटल प्लेटफॉर्म के नाम पर देश के संसाधनों और डेटा सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवालों पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्मेलन को केवल प्रचार का माध्यम बनाया गया है, जबकि युवाओं की रोजगार, शिक्षा और तकनीकी पारदर्शिता से जुड़ी चिंताओं पर कोई ठोस चर्चा नहीं हो रही है।
उल्लेखनीय है कि इंडिया एआई इम्पैक्ट सम्मेलन को लेकर कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री को घेरने की कोशिश कर रही है। लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा था कि भारत की प्रतिभा और डेटा का लाभ उठाने के बजाय, इंडिया एआई इम्पैक्ट सम्मेलन एक अव्यवस्थित जनसंपर्क तमाशा बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया था कि सम्मेलन में भारतीय डेटा को बिक्री के लिए पेश किया जा रहा है और चीन के उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।





