इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट की महिला टीम ने जीता हॉकी खिताब

नयी दिल्ली, इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने गत विजेता दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना को कांटे के संघर्ष में सडनडेथ में 8-7 से पराजित कर 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट में महिला वर्ग का खिताब जीत लिया। विजेता टीम की खिलाडी यशस्वी ने प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड प्राप्त किया।

श्याम लाल कॉलेज के मैदान पर खेले गए फाइनल में इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ़ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस (आईजीआईपीईएसएस) और दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना के बीच निर्धारित समय में मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहा था। इसके बाद टाईब्रेकर में भी दोनों टीमों ने पांच-पांच गोल कर दिए और स्कोर 7-7 हो गया। तब सडनडेथ में इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ़ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने बाज़ी मार 8-7 से मैच और खिताब जीत लिया।

विजेता टीम के लिए पिंकी, सुकन्या और बिंदु ने दो- दो गोल किए। आँचल, और सोमवती ने एक-एक गोल किया। पराजित टीम के लिए मनीता ने तीन, विधि ने दो और सोनिका व कंचन ने एक-एक गोल किया।

फाइनल मैच के मुख्य अतिथि जितेंद्र महाजन, एम एल ए, रोहतास नगर, रितेश सूजी, पार्षद, वेलकम वार्ड, श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) के प्रिंसिपल प्रो. रबि नारायण कर ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।

प्रिंसिपल प्रो. रबि नारायण कर ने सभी अतिथियों का धन्यवाद करते हुए खिलाडियों को बधाई दी और वी एस जग्गी को बेहतरीन आयोजन के लिए सराहा और उम्मीद जताई कि खिलाडी इसी तरह मेहनत करते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button