इग्नू के चार हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को दी जाएंगी उपाधि

वाराणसी, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के सात अप्रैल को प्रस्तावित 39वें दीक्षांत समारोह में काशी के चार हजार 92 छात्र छात्राओं को उपाधियां दी जायेंगी।
संस्थान के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. उपेंद्र नभ त्रिपाठी ने सोमवार को बताया कि दिल्ली के मुख्य कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह समारोह इग्नू मुख्यालय, मैदानगढ़ी में आयोजित किया जाएगा जबकि बीएचयू में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी होंगे। इस समारोह में कुल 4,092 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें परास्नातक की 2,205 और स्नातक की 1,373 उपाधियां शामिल हैं।
इसके अलावा रोजगार-उन्मुख कार्यक्रमों के अंतर्गत 429 डिप्लोमा और 85 प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे। कुछ छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार भी दिए जाएंगे।





