इजराइल में कार्यरत यूपी के 6,004 श्रमिक सुरक्षित, राज्य सरकार और भारतीय दूतावास सतर्क

लखनऊ, इजरायल-ईरान में चल रहे युद्ध के बीच इजरायल में तैनात यूपी के निर्माण श्रमिकों को लेकर राज्य सरकार ने कहा है कि सभी श्रमिक नियमित रूप से अपने कार्यस्थलों पर कार्य कर रहे हैं और राज्य सरकार सतत निगरानी बनाए हुए है।

वर्तमान में उत्तर प्रदेश के कुल 6,004 निर्माण श्रमिक इजराइल में विभिन्न परियोजनाओं पर कार्यरत हैं। इन श्रमिकों का चयन नेशनल स्किल डेवलपमेंट कारपोरेशन (एनएसडीसी) एवं इजराइल की सरकारी संस्था पॉपुलेशन एंड इमीग्रेशन अथॉरिटी (पीबा) के माध्यम से वर्ष 2024 में किया गया था।

प्रदेश के श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने श्रमिकों एवं उनके परिजनों को आश्वस्त किया है कि सरकार उनकी सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एम.के. शन्मुगा सुन्दरम् ने इजराइल में भारत के राजदूत जेपी सिंह से वार्ता की, जिसमें स्थिति को नियंत्रण में बताया गया।

गौरतलब है कि मध्य एशिया में मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर एम्बेसी आफ इंडिया, तेल अवीव द्वारा इजराइल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया गया है। दूतावास ने नागरिकों को सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।

आपात स्थिति में भारतीय नागरिक 24×7 हेल्पलाइन नंबर 972-54-7520711, 972-54-2428378 तथा ईमेल cons1telaviv@mea.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त पीबा द्वारा 1-700-707-889 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

Related Articles

Back to top button