Breaking News

उत्तर प्रदेश पुलिस के बर्बर रवैये पर वरुण गांधी ने उठाये सवाल

लखनऊ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी ने मासूम बेटी को गोद में लिये एक व्यक्ति पर उत्तर प्रदेश पुलिस की बर्बर लाठीचार्ज के रवैये पर सवाल उठाते हुये इसे बेहद कष्टदायक बताया है।

गांधी ने शुक्रवार को कानपुर देहात क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी द्वारा उक्त व्यक्ति पर लाठी बरसाये जाने का वीडियो साझा करते हुये ट्वीट कर पुलिस के इस रवैये पर क्षोभ व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “सशक्त कानून व्यवस्था वो है जहां कमजोर से कमजोर व्यक्ति को न्याय मिल सके। यह नहीं कि न्याय मांगने वालों को न्याय के स्थान पर इस बर्बरता का सामना करना पड़े,यह बहुत कष्टदायक है।

उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर पिछले कुछ समय से लगातार सवाल उठा रहे गांधी ने कहा, “भयभीत समाज कानून के राज का उदाहरण नहीं है। सशक्त कानून व्यवस्था वो है जहां कानून का भय हो, पुलिस का नहीं।”

उल्लेखनीय है कि यह वीडियो कल से सोशल मीडिया पर वायरल हाे रहा है। इसमें स्थानीय अस्पताल में उपयुक्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने की शिकायत करने वाले व्यक्ति पर पुलिसकर्मी ताबड़तोड़ लाठी बरसा रहा है। पीड़ित व्यक्ति हालांकि गाेद में मासूम बच्ची को लिये है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने इस पर संज्ञान लेते हुये संबद्ध पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई शुरु कर दी है।