उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत चुनाव पूरे दमखम से लड़ेंगे : संजय सिंह
मेरठ, आम आदमी पार्टी (आप) उत्तर प्रदेश के प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत चुनाव पूरे दमखम से लड़ेगी।
संजय सिंह ने बुधवार को मेरठ में सम्पन्न हुए एक दिवसीय संकल्प शिविर में पश्चिम प्रांत के पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें संबोधित किया।
उन्होंने डॉ. राममनोहर लोहिया जी के सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक न्याय से जुड़े विचारों की व्याख्या करते हुए कहा कि ‘आप’ सरकार ने दिल्ली में पिछले 10 वर्षों के शासनकाल में जनसरोकार के सर्वोत्तम कार्य किए हैं, जिनकी तुलना देश के किसी भी भाजपा-शासित राज्य के कार्यों से नहीं की जा सकती। जिस प्रकार दिल्ली में शिक्षा व स्वास्थ्य की राजनीति करके सरकार चलाई गई, उसी प्रकार अब उत्तर प्रदेश में भी जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर ‘आप’ अपना राजनीतिक संगठन मजबूत कर रही है।
आप नेता ने कहा कि आगामी जिला पंचायत चुनाव में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेगी। भाजपा केवल भाई को भाई से लड़ाने, मंदिर-मस्जिद और हिंदू-मुस्लिम की लड़ाई जैसे मुद्दों पर काम कर रही है। भाजपा-शासित राज्यों में भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों को बचाने का अभियान भाजपा सरकारें चला रही हैं।
उन्होने कहा कि ‘आप’ उत्तर प्रदेश का संगठन, जनता के साथ हो रहे प्रशासनिक अन्याय व अत्याचार के विरुद्ध जनता की आवाज़ बनकर सड़कों पर संघर्ष करेगा।