उत्तर प्रदेश में 6 आईएएस अधिकारियों के तबादले

लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के छह अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल को प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने और विकास कार्यों में गति लाने से जोड़कर देखा जा रहा है।
जारी तबादला सूची में सबसे पहले नाम यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेन्द्र प्रताप का है। उन्हें आगरा का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है वहीं मऊ के मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर का तबादला करते हुए उन्हें फिरोजाबाद का नगर आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
आईएएस ट्रांसफर लिस्ट में तीसरा नाम उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के उपसचिव विवेक कुमार श्रीवास्तव का है। उन्हें मऊ का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। मथुरा के मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीणा का भी तबादला किया गया है और उन्हें यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा गाजियाबाद की संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. पूजा गुप्ता का नाम भी तबादला सूची में शामिल है। उन्हें मथुरा का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले विभाग, उत्तर प्रदेश शासन रणवीर प्रसाद की जिम्मेदारियों में इजाफा किया गया है। उन्हें वर्तमान पद के साथ-साथ आयुक्त, खाद्य एवं रसद, उत्तर प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।





