Breaking News

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग में पश्चिमी यूपी का दबदबा

सहारनपुर, लंबे अंतराल के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार ने महिला आयोग का गठन कर दिया है। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की प्रमुख सचिव लीना जौहरी के मुताबिक सहारनपुर की सपना कश्यप पत्नी दिवंगत विजय कश्यप को आयोग का सदस्य बनाया गया है।

आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान बनाई गई हैं जो आगरा की रहने वाली हैं और भाजपा महिला मोर्चा उत्तर प्रदेश की उपाध्यक्ष हैं। सपना कश्यप के पति विजयपाल कश्यप मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व वाली पहली सरकार में राजस्व राज्य मंत्री थे जिनकी कोरोनाकाल में मृत्यु हो गई थी। सपना कश्यप को उन्हीं की चरथावल सीट से भाजपा ने चुनाव लड़ाया था। लेकिन वह सपा उम्मीदवार पंकज मलिक से चुनाव हार गई थी।

आयोग में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दबदबा है। बिजनौर से संगीता जैन और अवनी सिंह को प्रतिनिधित्व दिया गया है। पूर्व एमएलसी डा. सरोजनी अग्रवाल की बेटी हिमानी अग्रवाल, मीनाक्षी भड़ाला और रालोद की राष्ट्रीय प्रवक्ता मनीषा अहलावत मेरठ का प्रतिनिधित्व करेंगी। मुजफ्फरनगर और शामली दोनों जिलों को प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।