Breaking News

उपराज्यपाल से नहीं संभल रही कानून-व्यवस्था : आप

नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनसे कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है इसलिए उन्हें अपने पद से तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि श्री सक्सेना दिल्ली में अब तक के सबसे अक्षम उपराज्यपाल हैं। उनसे कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है। लिहाजा उन्हें अपने पद से तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के अधिकार छीनने में व्यस्त उपराज्यपाल का पुलिस सुधार पर कोई ध्यान नहीं है। इसी वजह से लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि छह सितंबर को दिल्ली में एक हैरान करने वाली घटना घटित हुई। इस घटना की एक वीडियो भी वायरल हुई थी। वीडियो में चार अपराधी बंदूक लेकर पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी स्थित एक क्लब में उगाही करने गए। बदमाशों ने क्लब के बाउंसर को घुटनों के बल बैठने के लिए कहा और सरेआम कम से कम 12 राउंड गोलियाँ चलाई।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 15 जुलाई को यहाँ गुरु तेग बहादुर अस्पताल में अपराधी घुसे और वहां इलाज करा रहे मरीज को गोलियों से भून दिया। पिछले साल 26 जून को प्रगति मैदान में टनल पर दिन दहाड़े चार मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक कार को घेरकर उसके चालक को लूट लिया। जंगपुरा में लूटपाट के दौरान बुजुर्ग डॉक्टर की मृत्यु हो गई। जंगपुरा में ही एक जूलरी शॉप से 24-25 करोड़ रुपए लूट लिए गए।

आप नेता ने कहा कि दिल्ली के श्री सक्सेना ने जब से दिल्ली में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली है, तब से कानून व्यवस्था बद से बदतर हो गई है। पूरे देश में भाजपा के अधीन जहां भी कानून व्यवस्था है, वहां कानून व्यवस्था बद से बदतर हो चुकी है। चाहे मणिपुर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली हो, हर जगह कानून व्यवस्था बुरी तरह खराब हो चुकी है।