उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, कांग्रेस अध्यक्ष ने पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कई अन्य नेताओं ने पुलवामा आतंकवादी हमले में शहीद बहादुर सुरक्षाकर्मियों को शनिवार को उनके बलिदान के लिए नमन किया।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने पुलवामा आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले बहादुर सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “सुरक्षाकर्मियों का सर्वोच्च बलिदान देश की स्मृति में सदैव अंकित रहेगा।” उन्होंने कहा कि उनका बलिदान प्रत्येक नागरिक को एक मजबूत और सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 में इसी दिन पुलवामा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर नायकों को याद किया और कहा कि राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा, संकल्प और सेवा हमारी सामूहिक चेतना में सदा के लिए अंकित रहेगी और प्रत्येक भारतीय उनके अटूट साहस से प्रेरणा प्राप्त करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “वर्ष 2019 में आज ही के दिन पुलवामा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर नायकों को याद करते हुए। राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा, संकल्प और सेवा हमारी सामूहिक चेतना में सदा के लिए अंकित रहेगी। प्रत्येक भारतीय उनके अटूट साहस से प्रेरणा प्राप्त करेगा।”

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पुलवामा आतंकी हमले में शहीद होने वाले वीर जवानों के शौर्य का स्मरण कर उन्हें नमन किया। श्री शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “पुलवामा आतंकी हमले में शहीद होने वाले हमारे वीर जवानों के शौर्य का स्मरण कर उन्हें नमन करता हूँ। आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और भारत इसके समूल नाश के लिए दृढ़ संकल्पित है। आतंकवाद का सामना करने वाले हमारे सुरक्षा बलों व सुरक्षा एजेंसियों के साहस, समर्पण और बलिदान का देश सदैव ऋणी रहेगा।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। श्री सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया, “14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले बहादुर सीआरपीएफ जवानों को याद करते हुए और उन्हें अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मैं नमन करता हूँ। राष्ट्र उनके स्मरण में एकजुट है और उनके परिवारों के साथ पूरी सहानुभूति में खड़ा है। उनका बलिदान हमें यह याद दिलाता है कि आतंकवाद हमारे देश के लिए कितने गंभीर खतरे का प्रतिनिधित्व करता है।”

उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने और उसे समाप्त करने के अपने संकल्प में अडिग बना हुआ है। हमारी सरकार भारत को सुरक्षित और संरक्षित बनाने के लिए सामूहिक संकल्प को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव अमर रहेगा और देश उन्हें कभी नहीं भूलेगा।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने पुलवामा आतंकी हमले की सातवीं वर्षगांठ पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारत माता की रक्षा में दिए गए सर्वोच्च बलिदान के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि भारतीय सैनिकों का त्याग और बलिदान देश की सुरक्षा और संप्रभुता की आधारशिला है। उन्होंने पुलवामा में शहीद जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सीआरपीएफ जवानों को नमन किया। उन्होंने पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को सलाम करते हुए उनके साहस और बलिदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के जवानों के काफिले में जवानों को ले जा रही गाडी पर आतंकवादियों का हमला हाल के इतिहास में भारतीय सुरक्षा बलों पर हुए सबसे घातक हमलों में से एक था। एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी को सीआरपीएफ के काफिले से टकरा दिया था, जिसके कारण 40 जवान शहीद हो गए और कई अन्य घायल हुए थे। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।

Related Articles

Back to top button