उप्र. में मुस्लिम वोटों को बांटने की, हो रही कोशिश- मायावती

लखनऊ, बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को यहां कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश की जनता विशेषकर मुस्लिमों को बहकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद प्रदेश में बसपा की ही सरकार बनेगी।
राजधानी लखनऊ में पत्रकारों से वार्ता करते हुए मायावती ने सपा और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के इसारे पर ही सपा कांग्रेस से गठबंधन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सब कुछ मुस्लिम समुदाय के वोट को बांटने के लिये किया जा रहा है। मायावती ने कहा कि सपा और भाजपा मिलकर प्रदेश में दंगा करवाती है। कहा कि जब-जब प्रदेश में सपा सरकार आती है तब भाजपा मजबूत होती है। उन्होंने लोगों का आवाहन किया कि बिहार की तरह उत्तर प्रदेश में भी भाजपा के खिलाफ सभी को एकजुट होने की जरुरत है। बसपा सुप्रीमो ने दावा किया कि उनकी पार्टी ही उत्तर प्रदेश में भाजपा को रोक सकती है। कहा कि यहां कांग्रेस का कोई वजूद नहीं है और सपा अखिलेश एवं शिवपाल के बीच दो खेमों में बंट चुकी है। उन्होंने कहा कि मुलायम के शासन में भाजपा के साथ मिलकर अयोध्या में कारसेवकों के ऊपर गोली चलवाई गयी। कई जगह हिन्दु मुस्लिम दंगे करवाये गये। यही हाल आज अखिलेश के शासन में भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि बसपा शासन में मुस्लिमों के जितने कार्य हुए उसका दस फीसदी भी सपा शासन में नहीं हुआ। एक सवाल के जवाब में माया ने कहा कि नोटबंदी अब भाजपा के लिए गले की फांस बन गयी है। उन्होंने कहा कि बसपा भ्रष्टाचार और कालाधन के खिलाफ है लेकिन जिस तरह से नोटबंदी की गयी वह ठीक नहीं रहा। बगैर तैयारी के इस फैसले से पूरे देश की जनता आज परेशान है। माया ने आरोप लगाया कि प्रदेश में चुनाव के चलते भाजपा तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। केंद्र में सरकार बने ढाई साल हो गये लेकिन एक चौथाई काम भी नहीं हुआ। जनता अब सब कुछ समझ गयी है।