उप्र में विकास की गति और तेज होगी, ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था लक्ष्य : ए.के. शर्मा

जौनपुर,  उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मंगलवार को कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में हुए विकास के आधार पर अब राज्य की प्रगति की रफ्तार और तेज की जाएगी तथा वर्ष 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारत 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है, जिसमें उत्तर प्रदेश छह ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

जौनपुर कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री शर्मा ने कहा कि कभी ‘बीमारू’ कहे जाने वाला उत्तर प्रदेश आज निवेश, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव के शासन की नीति के तहत योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है और प्रदेश सुशासन के मजबूत आधार के रूप में स्थापित हुआ है।

उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था, शांति और स्थिरता के कारण प्रदेश की नई पहचान बनी है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति प्रभावी ढंग से लागू की गई है तथा प्रमुख शहरों में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने से कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है।

ए.के.शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। इस दिशा में राम मंदिर अयोध्या, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और विंध्यवासिनी कॉरिडोर जैसे परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने इन्हें महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ व्यापक स्तर पर लोगों को मिल रहा है और सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ी है।

इस अवसर पर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह, भाजपा नेता अजय सिंह, पुष्पराज सिंह, जिलाधिकारी दिनेश चंद, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button