उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा,डेंगू-मलेरिया पर किया करारा वार

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने डेंगू, मलेरिया और मच्छर जनित बीमारियों पर करारा वार किया है। इन बीमारियों की रोकथाम में संचारी रोग नियंत्रण अभियान और घर-घर दस्तक अभियान ने अहम भूमिका निभाई है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को अलीगंज स्थित अर्बन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (5 से 31 अक्टूबर) और घर-घर दस्तक अभियान (11 से 31 अक्टूबर) के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान जागरूकता रैली भी निकाली गई और फॉगिंग मशीनों को रवाना किया गया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने सीएचसी का स्थलीय निरीक्षण करते हुए जनस्वास्थ्य सुविधाओं में और सुधार के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद दयनीय थी, लेकिन अब प्रदेश में आमजन को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि इन अभियानों के तहत डेंगू, मलेरिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है। इस मिशन में कुल 13 विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2017 की तुलना में एईएस रोगियों की मृत्युदर में 98 प्रतिशत, जेई रोगियों की मृत्युदर में 97 प्रतिशत, डेंगू में 93 प्रतिशत और मलेरिया के मामलों में 58 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश अब एंबुलेंस सेवा में देश में पहले स्थान पर है। वर्ष 2017 में 108 एंबुलेंस का औसत रेस्पांस टाइम 16.40 मिनट था, जो घटकर 7.7 मिनट रह गया है, जबकि 102 एंबुलेंस का समय 9.5 मिनट से घटकर 6.25 मिनट हो गया है। इससे लाखों मरीजों की जान बचाई गई है।

कार्यक्रम में विधायक नीरज बोरा, प्रमुख सचिव अमित कुमार घोष, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. रतनपाल सिंह सुमन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button