एआई समिट प्रदर्शन मामले में बेगुनाह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है पुलिस- कांग्रेस

नयी दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आरोप लगाया है कि भारत मंडपम में एआई समिट प्रदर्शन मामले में पुलिस बौखलाहट में उन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी उठा रही है, जिनका प्रकरण से कोई संबंध नहीं है।
देवेन्द्र यादव ने इसे पूरी तरह अनैतिक और निंदनीय बताते हुए कहा कि पूछताछ के नाम पर कार्यकर्ताओं को थाने में बैठाना गैर कानूनी है। देवेन्द्र यादव के निर्देश पर दिल्ली कांग्रेस के लीगल और मानव अधिकार विभाग के चेयरमैन एडवोकेट सुनील कुमार के नेतृत्व में एक लीगल टीम ने तिलक मार्ग थाने के थाना प्रभारी (एसएचओ) से मुलाकात कर राजेंद्र नगर विधानसभा से चुनाव लड़ चुके विनित यादव और युवक कांग्रेस कार्यकर्ता नितिन शर्मा की रिहाई की मांग की। दोनों को पुलिस ने कल रात हिरासत में लिया था। कांग्रेस का दावा है कि इनका मंडपम प्रकरण से कोई लेना देना नहीं है।
एडवोकेट सुनील कुमार ने कहा कि दोनों को रातभर भूखा रखा गया, जिसके बाद लीगल टीम ने भोजन की व्यवस्था कराई। श्री यादव ने चेतावनी दी कि यदि दिल्ली पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तंग करना बंद नहीं करेगी तो पार्टी सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी।





