एआई समिट से देश की छवि को नुकसान पहुंचा: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “एआई समिट” से देश की छवि को नुकसान पहुंचा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना झेलनी पड़ी है।

अखिलेश यादव ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा अब इसे “मास्टर स्ट्रोक” बताने की कोशिश करेगी, जबकि हकीकत यह है कि समिट के दौरान ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित पार्किंग, जनसुविधाओं की कमी, सुरक्षा अभाव, चोरी, खराब एक्यूआई और बदइंतजामी जैसी समस्याएं उजागर हुईं। उनके अनुसार, सरकार को “एआई इम्पैक्ट समिट” से कोई ठोस उपलब्धि हासिल नहीं हुई।

उन्होने तंज कसते हुए कहा कि जब तक सही इंतजाम न हो, तब तक दिखावे के आयोजन नहीं करने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई को हर समस्या का समाधान बताने वाली भाजपा सरकार के लिए वही समिट समस्या बन गई। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चीन निर्मित रोबोट को स्वदेशी बताना उचित नहीं था और इससे देश को शर्मिंदगी उठानी पड़ी। उन्होंने एक कार्टून का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें रोबोट “मेक इन इंडिया” के शेर को दौड़ाता दिखाया गया है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है, जिसे अब देश की जनता समझ चुकी है।

Related Articles

Back to top button