‘एक दिन’ के पहले ट्रैक के लिए आमिर खान पहुंचे अरिजीत सिंह के होमटाउन मुर्शिदाबाद,

मुंबई,  बॉलीवुड फिल्मकार आमिर खान ने फिल्म ‘एक दिन’ के पहले गाने की रिकॉर्डिंग के लिए खुद अरिजीत सिंह के होमटाउन मुर्शिदाबाद का दौरा किया। इसी के साथ ‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ ने एक स्पेशल वीडियो भी रिलीज किया है, जिसमें अरिजीत सिंह की बेहद खूबसूरत आवाज में गाया हुआ यह गाना सुनाई दे रहा है।

आमिर खान ने अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट की खबरों के बीच उनसे मिलकर उन्हें अपना फैसला बदलने के लिए मनाया। ये सारी अटकलें तब खत्म हुईं जब आमिर ने एक पोस्टर शेयर किया और अरिजीत का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने ‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ की अगली फिल्म ‘एक दिन’ के लिए अपनी आवाज दी है। इस फिल्म में जुनैद खान और साई पल्लवी लीड रोल में हैं। आमिर खुद अरिजीत के होमटाउन मुर्शिदाबाद गए थे और वहां उनके परिवार के साथ चार दिन रुके, ताकि उन्हें रिटायरमेंट के बारे में दोबारा सोचने के लिए मना सकें और फिल्म में गाने की पर्सनल रिक्वेस्ट कर सकें। देश के सबसे बड़े और चहेते सिंगर्स में से एक, अरिजीत की इमोशनल आवाज वही थी जो आमिर इस रोमांटिक कहानी के लिए चाहते थे।

अरिजीत और आमिर ने फिल्म के पहले गाने पर साथ मिलकर बारीकी से काम किया है। उनकी इसी मेहनत का नतीजा है ‘एक दिन’ का यह रूह को छू लेने वाला टाइटल ट्रैक। इसके दिल छू लेने वाले बोल और संगीत इसे प्यार का एक सदाबहार गाना बनाते हैं। गाने के स्पेशल वीडियो में मुर्शिदाबाद के सादगी भरे और प्यारे बिहाइंड-द-सीन पल दिखाए गए हैं। इसमें आमिर हर छोटी-बड़ी चीज में शामिल नजर आ रहे हैं, वो अरिजीत और पूरी टीम के साथ चर्चा कर रहे हैं, गाइड कर रहे हैं और गाने को एक खास रूप दे रहे हैं, जो इस मेल को वाकई यादगार बनाता है।

अपनी कहानी कहने के बारीक और सलीके वाले अंदाज़ के लिए मशहूर, आमिर का यह खुद काम में जुट जाने वाला समर्पण एक बार फिर दिखाता है कि उन्हें इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन क्रिएटिव दिमागों में से क्यों गिना जाता है। एक प्रोड्यूसर और अपने बेटे के सफर को सपोर्ट करने वाले पिता के रूप में, पर्दे के पीछे उनकी यह शांत लगन ‘एक दिन’ को एक अलग ही गहराई देती है, जिससे यह फिल्म और भी ज़्यादा पर्सनल और खास लगने लगती है।

‘एक दिन’ के जरिए आमिर खान और फिल्ममेकर मंसूर खान एक लंबे ब्रेक के बाद फिर से साथ आए हैं, जिससे हिंदी सिनेमा की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक की वापसी हो रही है। इन दोनों ने मिलकर दर्शकों को ‘कयामत से कयामत तक’, ‘जो जीता वही सिकंदर’, ‘अकेले हम अकेले तुम’ और ‘जाने तू… या जाने ना’ जैसी कभी न भूलने वाली फिल्में दी हैं। अब ‘एक दिन’ के साथ यह जोड़ी वापस रोमांस के जॉनर में लौट रही है, जिससे फैन्स के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है। इनका एक बार फिर साथ आना लोगों की उत्सुकता को और बढ़ा रहा है, क्योंकि हर कोई देखना चाहता है कि इस बार ये स्क्रीन पर क्या जादू बिखेरते हैं।

‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ के बैनर तले बनी फिल्म ‘एक दिन’ में साई पल्लवी और जुनैद खान लीड रोल में हैं। इस फिल्म को सुनील पांडे ने डायरेक्ट किया है, जबकि आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित इसके प्रोड्यूसर हैं। यह फिल्म एक मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Related Articles

Back to top button