Breaking News

एक व्यक्ति ने अपने दो बच्चों की जान ले ली, पत्नी पर किया चाकू से जानलेवा हमला

रतलाम, मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में हुसैन टेकरी पर उपचार के लिए लाए गए मानसिक रुप से अस्वस्थ एक व्यक्ति ने अपने ही दो बच्चों को मार दिया और पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह यहाँ हुसैन टेकरी स्थित पुलिस चौकी पर सूचना मिली कि एक महिला घायल है और दो बच्चे अचेत अवस्था में पड़े हुए हैं। पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंची और घायल महिला और दोनों बच्चों को जावरा के सिविल अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया है। मृतकों के नाम आदित्य (16) और राखी 13 है। बच्चों की माँ अनिता गंभीर रूप से घायल है। घायल महिला ने बताया कि उस पर चाकू से जानलेवा हमला उसके पति दिनेश चव्हाण ने किया था। दिनेश मानसिक रूप से अस्वस्थ है और वह अपने पति को इलाज के लिए 8 मार्च को इंदौर के खजराना से जावरा लेकर आई थी।

एएसपी सुनील पाटीदार ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल महिला को उपचार के लिए रतलाम जिला चिकित्सालय भेजा गया है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए गए हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।