एनसीआरबी के आकड़ों पर भ्रामक बयानबाजी बंद करें अखिलेश यादव : भाजपा

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव एनसीआरबी के आंकड़ों को लेकर भ्रामक बयानबाज़ी से बाज आयें।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरीश श्रीवास्तव ने कहा, “ अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की स्थिति को तोड़ मरोड़कर जनता के सामने पेश कर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। इतनी बड़ी आबादी का प्रदेश होते हुए भी योगी आदित्यनाथ की सरकार ने जिस तरह से अपराधों पर लगाम लगाई है वह सराहनीय है।”

हरीश श्रीवास्तव ने कहा कि कोई भी अपराध दुखद और निंदनीय है। समाजवादी पार्टी के मुखिया उत्तर प्रदेश को लेकर जिस तरह से भ्रामक टिप्पड़ियाँ करते हैं वह किसी पूर्व मुख्यमंत्री के लिए शोभनीय नहीं है। उत्तर प्रदेश का निवासी होने के नाते उनको इस बात की प्रशंसा करनी चाहिये कि इतना बड़ा राज्य होने के बाद जघन्य और अन्य अपराधों की श्रेणी में उत्तर प्रदेश अन्य राज्यों से काफ़ी नीचे है।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो 2023 के आंकड़ों का हवाला देते हुए उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने योगी सरकार पर दलितों के खिलाफ अपराध बढ़ने का आरोप लगाया। कहा कि दलितों के साथ अपराध में यूपी पहले नंबर पर है।

अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक ग्राफिक्स शेयर करते हुए लिखा,“एक आंकड़ा यह भी है।”
दरअसल दलितों के प्रति 15,130 अपराध के मामलों के साथ उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है, जिसके बाद राजस्थान 8,449 मामलों के साथ दूसरे और मध्यप्रदेश 8,232 मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है।” इस ग्राफिक्स को शीर्षक दिया, “दलितों के साथ अपराध में उत्तर प्रदेश नंबर वन।”

Related Articles

Back to top button