एसआईआर को लेकर सपा का प्रदर्शन, गड़बड़ी का लगाया आरोप

गाजीपुर, समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए सपा कार्यकर्ता डीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर के तहत वैध मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जा रहे हैं।

जिलाध्यक्ष ने साक्ष्य प्रस्तुत करने के बावजूद मतदाता सूची में नाम न जोड़ने वाले संबंधित बीएलओ और ईआरओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप था कि कई बूथों पर अधिकारी मौके पर गए ही नहीं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत प्रक्रिया संचालित होने का दावा करते हुए शिकायतों की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रदर्शन में विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव, जैकिशन साहू और शोएब अंसारी उर्फ मन्नू अंसारी सहित कई नेता शामिल रहे। डॉ. यादव ने भाजपा पर लोकतंत्र और संविधान की मर्यादा से खिलवाड़ का आरोप लगाया, जबकि अन्य नेताओं ने कहा कि भाजपा बेईमानी के रास्ते सत्ता में बने रहना चाहती है।

Related Articles

Back to top button