‘एस्ट्रोनॉमी’ पर नहीं ‘एस्ट्रोलॉजी’ पर विश्वास करती है भाजपा : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को उनके अंतरिक्ष अभियान की सफलता पर बधाई देते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसा और कहा कि भाजपा ‘एस्ट्रोनामी (खगोल विज्ञान) के बजाय एस्ट्रोलाजी यानी ज्योतिष विज्ञान पर विश्वास करती है। पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री यादव ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के एक बयान का हवाला देते हुये कहा “ बीजेपी वाले कह रहे हैं कि पहले अंतरिक्ष यात्री भगवान हनुमान जी थे। मैं कहता हूं कि हमारे सभी भगवान ही अंतरिक्ष में रहते हैं।” उन्होने कहा कि भाजपा हर बात का श्रेय लेने की कोशिश करती है, लेकिन दुख इस बात का है कि शुभांशु भाजपा के सदस्य नहीं है।

उन्होने शुभांशु शुक्ला और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि शुभांशु ने इसके लिए कितनी मेहनत की होगी। इस यात्रा ने पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है पर भाजपा के लोग हर श्रेय को लूटना चाहते हैं। भाजपा वाले कह रहे हैं कि सबसे पहले हमारे भगवान हनुमान अंतरिक्ष गए। ये बीजेपी वाले एस्ट्रोनॉमी पर नहीं एस्ट्रोलॉजी पर विश्वास करते हैं। अगर शुभांशु से मिलेंगे तो इस बारे में बात करेंगे।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान सरकार में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समाज के लोगों का सबसे ज्यादा उत्पीड़न हो रहा है। भाजपा सरकार आरक्षण को खत्म करने और संविधान को कमजोर करने की साजिश रच रही है। पीडीए समाज का हक मारा जा रहा है। आरक्षण खत्म किया जा रहा है। अब हम सब मिलकर भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।

अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की नई परिभाषा देते हुए इसे “पीड़ित, दुखी और अपमानित” लोगों का संगठन करार दिया। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के लोग आज सबसे ज्यादा अन्याय और भेदभाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पीडीए को न्याय तभी मिलेगा, जब समाजवादी पार्टी सत्ता में आएगी।

अखिलेश यादव ने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां और पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति का जिक्र करते हुए कहा कि एक दिन आजम खां को भी न्याय मिलेगा और गायत्री प्रजापति को भी न्याय मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इन नेताओं के साथ अन्याय किया है और पीडीए समाज के लोगों को लगातार दबाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होने भाजपा पर आरक्षण के मूल सिद्धांतों के साथ छेड़छाड़ करने और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां युवा, किसान और पीडीए विरोधी हैं। उन्होंने नौकरियों में आउटसोर्सिंग के जरिए आरक्षण से वंचित करने की साजिश का भी जिक्र किया।

सपा अध्यक्ष ने हाल ही में वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पीडीए समाज के वोटों को काटने की कोशिश की जा रही है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने पीडीए समाज का वोट कटवाकर उनका हक छीना था, लेकिन अब पीडीए समाज ने ठान लिया है कि वो भाजपा को हमेशा के लिए सत्ता से हटा देगा।

अखिलेश यादव ने विधायक पूजा पाल द्वारा दोबारा लिखी गई चिट्ठी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा “ चिट्ठी तो कोई और लिखवा रहा है। सुना है पूजा पाल से कोई डिप्टी सीएम चिट्ठी लिखवा रहा है। कोई बंसल भी इसमें शामिल है, जो इस साजिश का हिस्सा लगता है।”

उन्होने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट होकर 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने की अपील की। उन्होंने कहा कि न चलेगी हकमारी, न मतमारी, इस बार पीडीए सरकार हमारी। उन्होंने विश्वास जताया कि पीडीए की एकजुटता के दम पर सपा उत्तर प्रदेश में सत्ता में वापसी करेगी।

अखिलेश ने सपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर भाजपा की नीतियों का पर्दाफाश करें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य गरीबों, किसानों और वंचितों के लिए खुशहाली लाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सपा की लड़ाई सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए है।

Related Articles

Back to top button