Breaking News

ऑस्ट्रेलिया के नए टेस्ट कप्तान बने पैट कमिंस

मेलबोर्न, टिम पेन के कप्तानी पद छोड़ने के एक हफ़्ते बाद तेज़ गेंदबाज़ पैट कमिंस को ऑस्ट्रेलिया का नया पुरुष टेस्ट कप्तान नामित किया गया है। एक महिला सहकर्मी को अश्लील संदेश भेजने के बाद पेन ने इस्तीफ़ा दिया था।

स्टीवन स्मिथ 2018 में गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण के बाद उप-कप्तानी के पद के साथ राष्ट्रीय टीम के साथ अपनी पहली आधिकारिक नेतृत्व भूमिका में लौट आए हैं। कमिंस का चोटिल होना उन्हें फिर एक बार टीम का कप्तान बना सकता है।

कमिंस के नाम पर गुरुवार रात क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मुहर लगाई। अध्यक्ष रिचर्ड फ़्रूडेंस्टीन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी निक हॉकली, निदेशक मेल जोंस और चयनकर्ता जॉर्ज बेली और टोनी डोडमेड के पैनल ने इस पद के लिए कमिंस और स्मिथ के नामों की सिफ़ारिश की थी।

इस मौक़े पर कमिंस ने कहा, “मैं इस भूमिका को स्वीकार करते हुए सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि मैं वही नेतृत्व प्रदान करूंगा जो टिम पेन ने पिछले कुछ वर्षों में इस समूह को दिया है। वरिष्ठ खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के साथ हम एक मज़बूत समूह है। यह एक अप्रत्याशित विशेषाधिकार है जिसके लिए मैं बहुत आभारी हूं और बहुत उत्सुक हूं।”

कमिंस को कई वर्षों से भविष्य के संभावित कप्तान के रूप में देखा गया है। 2019 में संयुक्त रूप से उप-कप्तान बनाए जाने से पहले 2018 में उन्हें इस पद के लिए अनदेखा किया गया था। 2020 में उन्हें टीम का इकलौता उप-कप्तान बनाया गया था।