ओम बिरला दूसरी बार बने लोकसभा अध्यक्ष, ध्वनिमत से हुआ निर्णय

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद ओम बिरला को बुधवार को ध्वनिमत से लोकसभा अध्यक्ष चुन लिया गया।

ओम बिरला दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष बने हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अध्यक्ष पद के लिए उनके नाम का प्रस्ताव रखा जिसका रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अनुमोदन किया। इसके बाद सत्तापक्ष के 12 सदस्यों ने ओम बिरला को अध्यक्ष बनाये जाने का प्रस्ताव किया। विपक्ष की तरफ से शिवसेना के अरविन्द सावंत समेत तीन सदस्यों ने के सुरेश को अध्यक्ष बनाये जाने का प्रस्ताव पेश किया जिसके तीन अन्य सदस्यों ने अनुमोदन किया।

कार्यवाहक अध्यक्ष भर्तृहरि महताब ने श्री बिरला को अध्यक्ष बनाये जाने का प्रस्ताव सदन में मतदान के लिए रखा जिसे ध्वनिमत से मंजूरी दे दी गई। इसके बाद कार्यवाहक अध्यक्ष महताब ने श्री बिरला को लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की।

ओम बिरला के अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा के बाद श्री मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उनके पास जाकर बधाई दी। प्रधानमंत्री, श्री गांधी और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू श्री बिरला को अध्यक्षीय आसन तक लेकर गए।

ओम बिरला ने अध्यक्षीय आसन ग्रहण किया तो श्री मोदी, श्री गांधी और श्री रिजिजू ने उन्हें बधाई और शुभकामना दी।

Related Articles

Back to top button