कंधे पर दिव्यांग पत्नी को देख पसीजा डीएम का दिल, तत्काल दिलाई मोटराइज्ड साइकिल

सोनभद्र,  सोनभद्र कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान अपनी दिव्यांग पत्नी को कंधे पर बैठाकर पहुंचे एक व्यक्ति की बेबसी देखकर जिलाधिकारी बी.एन. सिंह का दिल पसीज गया। जिलाधिकारी ने सभी प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया और दिव्यांग महिला को मोटराइज्ड साइकिल उपलब्ध कराकर मानवता की मिसाल पेश की।

अपर सूचना अधिकारी विनय सिंह ने रविवार को बताया कि मतदाता जागरूकता अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान दीनबंधु अपनी पत्नी हीरामणि को कंधों पर बैठाकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। हीरामणि के दोनों पैर कटे हुए हैं, जिससे उन्हें चलने-फिरने में भारी कठिनाई होती है।

इस मार्मिक दृश्य को देखकर जिलाधिकारी बी.एन. सिंह भावुक हो उठे। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांग महिला की सहायता के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जाए। जिलाधिकारी के निर्देश पर मौके पर ही मोटराइज्ड साइकिल की व्यवस्था कराई गई। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने स्वयं आगे बढ़कर दिव्यांग महिला को कंबल एवं अंगवस्त्रम ओढ़ाकर सम्मानित किया।

जिलाधिकारी से मिले इस सम्मान और सहायता पर हीरामणि और उनके पति की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। दंपति ने जिलाधिकारी बी.एन. सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि कलेक्ट्रेट परिसर में उन्हें इस तरह का सहारा मिलेगा। उन्होंने शासन और प्रशासन की इस संवेदनशीलता की सराहना करते हुए अधिकारियों का धन्यवाद किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा हर पात्र और असहाय व्यक्ति की मदद करना है। जरूरतमंद की पीड़ा को दूर करना ही प्रशासन की वास्तविक सफलता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में कोई भी पात्र दिव्यांग व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

Related Articles

Back to top button