Breaking News

कच्चे मकान की दीवार गिरने से बुजुर्ग महिला की मृत्यु,तीन घायल

कौशांबी, उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के रसूलपुर बड़ा गांव में आज भोर में एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक वृद्ध महिला की मृत्यु हो गई जबकि तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कौशांबी रसूलपुर बड़ागांव में 70 वर्षीय गुलबिया देवी अपने कच्चे मकान में सो रही थी। बारिश के कारण दीवारों में सीलन आ गई थी, जिसके चलते आज भोर मकान की दीवार गिर गई और मलबे में दबकर गुलबिया देवी की मृत्यु हो गई ।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर आज क्षेत्रीय लेखपाल सहित राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर करने लगे, उसी दौरान गांव की ही रंजना, सावित्री, रोशनी पड़ोस की महिलाएं वहां पर आ गई। राजस्व कर्मियों की बातें सुनने के दौरान गिरे मकान से लगे हुये दूसरे मकान की दीवार भी गिर गई। इस दुर्घटना में रंजना, सावित्री और रोशनी मलबे में दबने से गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिजनों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।